खास ख़बरदेशन्यूज़पटनाप्रशासनिकबिहारराज्यहेडलाइंस

डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने संभाला पटना प्रमंडलीय आयुक्त का पदभार, जनहित को दी सर्वोच्च प्राथमिकता


24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना, बिहार: डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने सोमवार, 02 जून 2025 को पटना प्रमंडल के आयुक्त का पदभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने निवर्तमान आयुक्त श्री मयंक वरवड़े से कार्यभार संभाला। पदभार ग्रहण करने के बाद, डॉ. सिंह ने स्पष्ट किया कि उनकी पहली और सबसे महत्वपूर्ण प्राथमिकता जनहित के मामलों को सुलझाना होगी।


प्रशासन में पारदर्शिता और संवेदनशीलता पर जोर
आयुक्त डॉ. सिंह ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशासन में पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और संवेदनशीलता को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पटना प्रमंडल के सभी जिलों – पटना, नालंदा, भोजपुर, बक्सर, रोहतास और कैमूर – में होने वाले कार्यों की बारीकी से निगरानी की जाएगी।


विधि-व्यवस्था और विकास योजनाओं का तत्परता से क्रियान्वयन
डॉ. सिंह ने साफ शब्दों में कहा कि विधि-व्यवस्था के संधारण से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही, उन्होंने सरकार की विकासात्मक और लोक-कल्याणकारी योजनाओं को तत्परता से और सफल तरीके से लागू करने का निर्देश दिया ताकि उनका लाभ लक्षित वर्ग तक पहुंच सके।
साप्ताहिक समीक्षा बैठकें और समन्वय
नए आयुक्त ने बताया कि प्रमंडल के सभी जिलों के जिला पदाधिकारियों और वरीय पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षकों के साथ साप्ताहिक समन्वय बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में जिलों में संचालित जनहित की विभिन्न योजनाओं की प्रगति, विधि-व्यवस्था के संधारण और विकास कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की समीक्षा की जाएगी।
डॉ. सिंह ने प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय के पदाधिकारियों और कर्मियों से भी परिचय प्राप्त किया और उनके टीम भावना और उत्कृष्ट कार्य-संस्कृति की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार के निर्देशों के अनुरूप हर एक दायित्व का तत्परता से निर्वहन किया जाएगा।
निवर्तमान आयुक्त श्री मयंक वरवड़े ने अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए अधिकारियों और कर्मियों का आभार व्यक्त किया।
डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने सभी पदाधिकारियों को सात निश्चय, विधि-व्यवस्था, लोक शिकायत निवारण और आपदा प्रबंधन सहित जनहित के सभी विषयों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी आपस में मजबूत समन्वय और सार्थक संवाद स्थापित कर जनता के कार्यों का संवेदनशीलता के साथ निष्पादन करें।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!