
24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना: निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने आज रूपसपुर थाने में कार्यरत एक सहायक अवर निरीक्षक को 22 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अधिकारी की पहचान ब्रजेश कुमार के रूप में हुई है।
निगरानी ब्यूरो के मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, ब्रजेश कुमार को रूपसपुर थाना क्षेत्र के राम जयपाल मोड़ के पास से गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई निगरानी थाना कांड सं0-28/25, दिनांक 15.05.2025 के तहत की गई।
परिवादी बासु कुमार, जो बीबीगंज, थाना-दानापुर के रहने वाले हैं. 14 मई, 2025 को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि रूपसपुर थाने के ब्रजेश कुमार उनकी गाड़ी को मुक्त करने के एवज में 22 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहे हैं।
शिकायत मिलने के बाद, ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान, ब्रजेश कुमार द्वारा रिश्वत मांगे जाने के प्रमाण पाए गए। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना के पुलिस उपाधीक्षक राम चौधरी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ब्रजेश कुमार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ धर दबोचा।
ब्यूरो के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त को पूछताछ के बाद माननीय न्यायालय, निगरानी, पटना में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बताया कि वर्ष 2025 में भ्रष्टाचार के खिलाफ यह उनकी 28वीं प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई है। इस वर्ष अब तक 21 ट्रैप में कुल 23 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है और रिश्वत के तौर पर कुल 7 लाख 82 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। ब्यूरो ने रंगे हाथों गिरफ्तारी (ट्रैप) के मामलों में लगातार सफलता हासिल की है।
ब्यूरो ने आम जनता से अपील की है कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई में उनकी मदद करें और किसी भी प्रकार की रिश्वतखोरी की जानकारी निम्नलिखित नंबरों पर दें:
- लैंडलाइन नंबर: 0612-2215033, 0612-2215030, 0612-2215032, 0612-2215036
- मोबाइल नंबर: 0612-2215037, 0612-2999752
- हेल्पलाइन नंबर: 0612-2215344, 7765953261
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी लड़ाई को जारी रखने का संकल्प दोहराया है।