इंडिया डिफेंसघटनाजुर्मदेशन्यूज़प्रशासनिकबिहारराज्यहेडलाइंस

बिहार के सुपौल में BMP जवान अमरेंद्र कुमार नकली नोटों के साथ गिरफ्तार, जांच जारी



24CITYLIVE/सुपौल, बिहार: नेपाल सीमा से सटे सुपौल जिले के भीमनगर थाना क्षेत्र में बिहार सैन्य पुलिस (BMP) की 12वीं बटालियन के एक जवान को ₹500 के 123 जाली नोटों के साथ गिरफ्तार किया गया है। इस गिरफ्तारी ने सीमावर्ती इलाकों में चल रहे नकली करेंसी के कारोबार और इसमें सुरक्षा बलों की संभावित संलिप्तता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
गिरफ्तार जवान की पहचान मधेपुरा जिले के पथराहा वार्ड नंबर 04 निवासी अमरेंद्र कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने अमरेंद्र के साथ एक काली स्कॉर्पियो (BR01F331) भी जब्त की है, जिस पर ‘क्षेत्रीय मंत्री पुलिस मेंस एसोसिएशन’ का बोर्ड लगा था। यह स्कॉर्पियो मधेपुरा जिले के चंडिस्थान निवासी सुनील कुमार के नाम पर रजिस्टर्ड है।
कैसे हुआ खुलासा?
पूछताछ में अमरेंद्र कुमार ने बताया कि वह कटैया निवासी जेसीबी मालिक शैलेश कुमार सिंह को किराए की बकाया राशि देने गया था। शैलेश कुमार सिंह ने बताया कि उनकी जेसीबी मशीन BMP कैंप में काम पर लगी हुई थी। उन्हें कुल ₹40,000 की राशि मिलनी थी, जिसमें से ₹20,000 ऑनलाइन और ₹15,000 नकद दिए गए थे। शेष ₹5,000 ड्राइवर के माध्यम से मिले। जब इस नकद राशि में से कुछ नोट बैंक में जमा किए गए, तो बैंक ने उन्हें जाली बताकर लौटा दिया।
यह पहली बार नहीं है जब अमरेंद्र कुमार नकली नोटों के मामले में फंसे हैं। बीते 28 मई को भी उन्होंने भीमनगर स्थित बीके पेट्रोलियम पंप पर ₹5,000 का एक नकली नोट देकर डीज़ल भरवाया था। पंपकर्मी आनंद कुमार ने भी इस घटना की पुष्टि की है।
‘रसूखदार’ जवान पर गंभीर सवाल
वर्ष 2010 में BMP में शामिल हुए अमरेंद्र कुमार को स्थानीय स्तर पर ‘रसूखदार’ माना जाता है। जब उनसे जब्त की गई स्कॉर्पियो पर लगे पुलिस मेंस एसोसिएशन के बोर्ड के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि यूनियन अब भंग हो चुकी है, इसलिए उसका कोई औचित्य नहीं है।
भीमनगर थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि सभी नकली नोट जब्त कर लिए गए हैं और पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है। एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने भी जवान के पास से नकली नोट मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। सीमा क्षेत्र में नकली करेंसी का धंधा नया नहीं है, लेकिन एक वर्दीधारी जवान की इस मामले में गिरफ्तारी ने सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है।

Related Articles

Back to top button