कल पटना शहर में होगा सिविल डिफेंस मॉकड्रिल, 2 मिनट बजेगा सायरन, 10 मिनट का ब्लैकआउट

24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना:6 मई पटना जिला प्रशासन कल, 7 मई 2025 को शहर में सिविल डिफेंस की तैयारी को परखने के लिए एक मॉकड्रिल का आयोजन करेगा। जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह और वरीय पुलिस अधीक्षक श्री अवकाश कुमार ने आज समाहरणालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने बताया कि भारत सरकार के गृह मंत्रालय के निर्देशानुसार, देश के 244 जिलों में यह मॉकड्रिल आयोजित किया जा रहा है, जिसमें बिहार के छह जिले – पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, अररिया, पटना और बेगूसराय शामिल हैं। उन्होंने बताया कि सिविल डिफेंस नियम, 1968 की धारा 19 के तहत यह अभ्यास किया जा रहा है ताकि सिविल डिफेंस तंत्र की तत्परता और प्रभावशीलता का मूल्यांकन किया जा सके।
मॉकड्रिल के तहत, कल शाम 6 बजकर 58 मिनट से 7 बजे तक पूरे पटना शहर के लगभग 80 स्थानों पर दो मिनट के लिए सायरन बजाया जाएगा। सायरन की समाप्ति के तुरंत बाद, शाम 7 बजे से 7 बजकर 10 मिनट तक पूर्ण ब्लैकआउट रहेगा। इस दौरान सभी नागरिकों से घरों की लाइटें, मोबाइल लाइट, टॉर्च, रोड लाइट, हाईमास्ट लाइट और वाहनों की लाइटें बंद करने की अपील की गई है। हालांकि, एंबुलेंस जैसी आवश्यक सेवाओं को इस ब्लैकआउट से छूट दी गई है।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह केवल एक सामान्य मॉकड्रिल है और नागरिकों को इससे घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। इसका मुख्य उद्देश्य किसी भी आकस्मिक स्थिति में कम से कम समय में ब्लैकआउट करने की क्षमता का आकलन करना है।
उन्होंने बताया कि सिविल डिफेंस के पास पटना विश्वविद्यालय लाइब्रेरी के पास, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के पास, एनआईटी घाट और पुराना सचिवालय के पास स्थायी सायरन की व्यवस्था है। अन्य स्थानों पर सायरन बजाने के लिए अग्निशमन और पुलिस वाहनों की मदद ली जाएगी। इस अभ्यास में पुलिस, अग्निशमन विभाग, सिविल डिफेंस के स्वयंसेवक, होम गार्ड्स और एनसीसी के जवान शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त, स्कूलों और कॉलेजों के छात्र भी इसमें हिस्सा लेंगे।
जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह और वरीय पुलिस अधीक्षक अवकाश कुमार ने संयुक्त रूप से लोगों से इस मॉकड्रिल में सहयोग करने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह अभ्यास केवल शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।