
24CITYLIVE/पटना: 2 जनवरी को भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश के पूर्व मंत्री नंदकिशोर यादव ने कहा कि बिहार सहित पूरा देश प्रभु राम के भक्ति भाव से सराबोर है। हर तरफ उत्सवी माहौल है। सभी लोग 22 जनवरी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जिस दिन अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा होगी।
श्री यादव ने सोमवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि 2024 देश के आध्यात्मिक और सनातनी संस्कृति के उन्नयन के लिए जाना जाएगा। अयोध्या अपने नये अवतार के रूप में दिख रही है। पीएम मोदी ने अयोध्या को 15,700 करोड़ की योजनाओं की सौगात दी है। कुछ योजनाएं लोकार्पित की गयी हैं, जबकि कुछ का शिलान्यास हुआ है।अयोध्या धाम बिल्कुल नये रूप में दिख रही है। चौड़ी सड़कें, प्रकाश की उत्तम व्यवस्था और साफ-सफाई आगंतुकों का मन मोह लेती हैं।
श्री यादव ने कहा गुरु की नगरी पटना साहिब क्षेत्र में भी लोगों के बीच राम मंदिर को लेकर काफी उत्साह है। सोमवार को एक किलोमीटर तक भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गयी। घर-घर अक्षत का वितरण हो रहा है। क्षेत्र के राम भक्त अक्षत कलश यात्रा निकाल रहे हैं। पीएम मोदी के आह्वान पर 22 जनवरी को देश में एक और दिवाली मनेगी।