
24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना सिटी: पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार खंडेलवाल ने रविवार की शाम पटना साहिब स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। महाप्रबंधक ने पूरे स्टेशन परिसर का घूम-घूम कर यात्री सुविधाओं का जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर की साफ-सफाई, सर्कुलेटिंग एरिया, एफओबी सहित यात्री सुविधा से जुड़ी विभिन्न पहलुओं का गहन मुआयना किया। वहीं इस संबंध में रेल अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा निर्देश भी जारी किए। स्टेशन की व्यवस्थाओं के संबंध में पूछे जाने पर पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक ने संतोष जाहिर करते हुए पटना साहिब स्टेशन को पूर्व मध्य रेलवे का एक बेहतर स्टेशन करार देते हुए कहा कि यहां अच्छी सुविधा प्रदान है।

इस दौरान महाप्रबंधक ने तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब आने वाले सिख श्रद्धालुओं और बुजुर्ग रेल यात्रियों की सुविधाओं को लेकर जल्द ही स्टेशन पर लिफ्ट और एस्केलेटर लगाए जाने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि 10 करोड़ रुपए की विकास योजना से स्टेशन उन्नयन का कार्य चल रहा है।

प्लेटफार्म का विस्तार कर चार व पांच का निर्माण कराया जाएगा। नई ओवरब्रिज के पास फूड प्लाजा ग्रेड ए का स्थान दिया जाएगा। कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का पटना साहिब स्टेशन पर ठहराव नहीं होने के संबंध में पूछे जाने पर महाप्रबंधक का कहना था कि सभी ट्रेनों का ठहराव स्टेशन पर संभव नहीं है।

इस संबन्ध में अधिकारियों के साथ बैठक कर मूल्यांकन किया गया कि 170 किमी की दूरी तय करने में ट्रेन को 14 स्टेशन पर ठहराव की सुविधा दी गई है। ऐसी स्थिति में यदि ठहराव दी जाती है तो ट्रेन रफ्तार पकड़ने के पहले ही अगले स्टॉपेज पर पहुंच जाएगी। जिससे गंतव्य स्थान तक पहुंचने में ट्रेन को काफी समय लग जाएगा। यदि जरूरत पड़ी तो अन्य ट्रेनों की ठहराव के लिए विचार-विमर्श किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पटना साहिब स्टेशन पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल का बेस्ट व अपग्रेड स्टेशन है। इस दौरान महाप्रबंधक ने बताया की यात्रियों की सुविधाओं को लेकर वंदे भारत ट्रेन समेत कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव स्टेशन पर दिया गया है।

मौके पर दानापुर रेल मंडल के एडीआरएम आधार राज, सीनियर डीओएम प्रभास राघव, सीनियर डीसीएम सरस्वती चंद्र के अलावे रेलवे के कई अधिकारी मौजूद थे। मौके पर सरदार प्रेम सिंह, डॉ विनोद कुमार अवस्थी, आरक्षण पर्यवेक्षक विश्वजीत कुमार महतो व दैनिक यात्रियों ने मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करने, मुख्य टिकट निरीक्षक कार्यालय समाप्त किए जाने पर सवाल किए। इससे पहले स्टेशन प्रबंधक उपेन्द्र सिंह ने सभी अधिकारियों का स्वागत किया।