
24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना:17 जून: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता प्रभाकर कुमार मिश्रा ने मंगलवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने राजद द्वारा आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का मॉडल अपनाने की अटकलों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि “नकल करने से अक्ल नहीं आ जाती।” मिश्रा ने दावा किया कि तेजस्वी यादव चाहे सपा या कांग्रेस का मॉडल अपनाएं, बिहार विधानसभा चुनाव में राजद सहित पूरे महागठबंधन की करारी हार तय है।
प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए श्री मिश्रा ने कहा कि तेजस्वी यादव ने हमेशा नकल का रास्ता अपनाया है, जिसका परिणाम है कि वे नौवीं कक्षा भी पास नहीं कर पाए। उन्होंने आगे कहा, “सभी तरह के नकलचियों का यही हाल होता है। चुनाव जीतना तो दूर, वे मामूली इम्तेहान भी पास नहीं कर पाते।”
भाजपा प्रवक्ता ने राजद पर भ्रष्टाचार और परिवारवाद का मॉडल अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव का मॉडल अपनाकर तेजस्वी अब इसमें जातिवाद को भी जोड़ेंगे। मिश्रा ने जोर देकर कहा कि ऐसे ‘नकलची’ मॉडल अपनाने वालों को सबक सिखाने के लिए बिहार की जनता तैयार है।
प्रभाकर मिश्रा ने भाजपा के ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ मॉडल पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता को भाजपा की इस नीति पर पूरा भरोसा है। मिश्रा के अनुसार, बिहार के लोग राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के विकास के मॉडल पर ही अपना वोट देंगे, क्योंकि वे एनडीए की ‘डबल इंजन’ सरकार में विकास की गति को प्रत्यक्ष रूप से देख चुके हैं।