सेकंड चांस’ कार्यक्रम: शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़ेंगी वंचित छात्राएं, कांतर इंडिया फाउंडेशन के CSR प्रमुख ने जांची प्रगति

24CITYLIVE/पटना। स्वयंसेवी संस्था प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा संचालित ‘सेकंड चांस’ कार्यक्रम के अंतर्गत शिक्षण कक्षाओं का अनुश्रवण कांतर इंडिया फाउंडेशन के सीएसआर (CSR) प्रमुख द्वारा किया गया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम से जुड़ी छात्राओं के साथ सीधा संवाद स्थापित कर उनके शैक्षणिक अनुभव, सीखने की प्रगति तथा शिक्षा से जुड़ी चुनौतियों एवं भविष्य के अवसरों पर विस्तार से चर्चा की।
अनुश्रवण के क्रम में टीम ने शरीफा गंज बस्ती का भ्रमण कर छात्राओं के अभिभावकों से मुलाकात की तथा उनकी शिक्षा में परिवार की भूमिका एवं सहभागिता का जायजा लिया। अधिकारियों ने अभिभावकों को शिक्षा के सामाजिक एवं आर्थिक महत्व से अवगत कराते हुए उन्हें अपनी बेटियों की पढ़ाई नियमित रूप से जारी रखने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर जे-पाल साउथ एशिया की एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर शोभनी मुखर्जी, सीनियर रिसर्च एसोसिएट एलेन मैथ्यू, प्रथम फाउंडेशन के क्षेत्रीय समन्वयक संजय कुमार एवं राज्य कार्यक्रम समन्वयक राजेश कुमार पाण्डेय सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
आगंतुकों ने छात्राओं के सीखने के उत्साह एवं बढ़ते आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि ‘सेकंड चांस’ कार्यक्रम शिक्षा से वंचित रही लड़कियों को पुनः मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक अत्यंत महत्वपूर्ण और प्रभावी पहल सिद्ध हो रहा है।
