पटना में भीषण गर्मी का कहर जारी, दक्षिणी जिलों में आज भी उमस से राहत नहीं

24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना: बिहार में पिछले कुछ दिनों से जारी भीषण गर्मी से लोगों का बुरा हाल है। राजधानी पटना समेत राज्य के दक्षिणी हिस्सों में आज भी बादल छाए रहने के साथ गर्म और उमस भरा दिन रहने की संभावना है। हालांकि, प्रदेश के कई शहरों में अधिकतम तापमान 40-41 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, लेकिन हवा में नमी की अधिक मात्रा के कारण लोगों को दिन और रात में अत्यधिक गर्मी का एहसास हो रहा है।
हीट इंडेक्स बढ़ा रहा परेशानी, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, पटना सहित कई शहरों के अधिकतम तापमान और ताप सूचकांक (हीट इंडेक्स) में आठ से नौ डिग्री का बड़ा अंतर बना हुआ है। इसी वजह से लोगों को वास्तविक तापमान से कहीं ज़्यादा गर्मी महसूस हो रही है। मौसम विज्ञानी एस.के. पटेल ने बताया कि ताप सूचकांक, सापेक्षिक आर्द्रता (humidity) और अधिकतम तापमान के आधार पर गणना किया जाने वाला एक मौसमीय पैमाना है। जब आर्द्रता 50% और तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उसके आसपास होता है, तो गर्मी असहनीय हो जाती है।
इन जिलों में हल्की बारिश और वज्रपात का येलो अलर्ट
पूर्वी और पश्चिम चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, रोहतास और बक्सर जिले में एक या दो स्थानों पर तेज हवा के साथ मेघ गर्जन, हल्की बारिश और वज्रपात (ठनका गिरने) को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
48 घंटे बाद मिल सकती है राहत
गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए अच्छी खबर यह है कि अगले 48 घंटों के बाद तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है।
गर्मी के अधिक एहसास के कारण
विशेषज्ञों के अनुसार, अत्यधिक गर्मी महसूस होने के कई कारण हो सकते हैं, जैसे कि आसपास पेड़-पौधों की कमी और कंक्रीट के मकानों द्वारा पुरवा हवा की शीतलता को सोख लेना। इसके अलावा, हवा की गति, दिशा और आर्द्रता भी तापमान पर असर डालती है। बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह गर्मी ज़्यादा परेशानी का सबब बन सकती है, क्योंकि उनकी तापमान सहने की क्षमता वयस्कों से कम होती है।