
24CITYLIVE/बिहार:जहानाबाद में गुरुवार देर शाम अंधाधुंध फायरिंग से दहशत अफरातफरी मच गई। शहर के निचली रोड में नगर परिषद के पुराने कार्यालय और इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के सामने बीच सड़क पर दो बाइक पर सवार बदमाशों ने गोलीबारी कर दी।
गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए। सूचना पाकर नगर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर दिवाकर कुमार विश्वकर्मा और टाइगर मोबाइल के जवान घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच की।
थानाध्यक्ष ने बताया कि फायरिंग की घटना हुई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। घटना का कारण क्या है और किसने गोलियां चलाई हैं, इसका पता लगाया जा रहा है। आशंका है कि आवारा किस्म के लोगों ने आपसी विवाद में फायरिंग की। हालांकि, अभी तक किसी की ओर से कोई शिकायत नहीं दर्ज कराई गई है।
घटनास्थल से गोली के दो खोखे बरामद किए जाने की सूचना मिल रही है, लेकिन पुलिस ने स्पष्ट नहीं किया है। मिली जानकारी के अनुसार घटना वाले इलाके में कई कोचिंग संस्थान चलते हैं।
इनमें शहर और आसपास के गांवों के हजारों लड़के-लड़कियां पढ़ने आते हैं। उस दौरान मनचले किस्म के लड़के भी सक्रिय रहते हैं। पूर्व में लड़कियों के मामले को लेकर कई बार मारपीट की घटनाएं भी हो चुकी हैं।