तख्त श्री पटना साहिब में उमड़ी भारी संगत, उपाध्यक्ष गुरुविन्दर सिंह ने लंगर व्यवस्था का लिया जायजा

24CITYLIVE/पटना, 29 मार्च: तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में पिछले कुछ दिनों से देश-विदेश से भारी संख्या में संगत पहुंच रही है। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रबंधक कमेटी ने रिहाईश और लंगर के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
इसी क्रम में आज कमेटी के उपाध्यक्ष गुरुविन्दर सिंह ने लंगर हॉल पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान लंगर इंचार्ज तेजिन्दर सिंह बन्टी भी उनके साथ मौजूद रहे।

सः गुरुविन्दर सिंह ने बताया कि पिछले 10 दिनों से संगत जत्थों के रूप में पहुंच रही है और अगले एक सप्ताह तक यही सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है। अध्यक्ष जगजोत सिंह सोही, महासचिव इन्द्रजीत सिंह और वरिष्ठ उपाध्यक्ष लखविन्दर सिंह के नेतृत्व में पूरा स्टाफ सेवा में जुटा है ताकि संगत को कोई परेशानी न हो। ‘गुरु का बाग’ में भी ठहरने के लिए कमरे लिए गए हैं और वहां भी निरंतर लंगर सेवा चल रही है। साथ ही, तख्त साहिब में 24 घंटे लंगर का प्रबंध किया गया है। उन्होंने लंगर इंचार्ज, सुपरीटेंडेंट दलजीत सिंह, मैनेजर पपिन्दर सिंह और अन्य स्टाफ द्वारा पूरी तन्मयता से दी जा रही सेवाओं की सराहना की।