न्यूज़

बिहार:अग्निशमन विभाग ने पटना सिटी के विभिन्न क्षेत्रों में चलाया व्यापक अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान, मॉक ड्रिल के जरिए परखी गईं तैयारियां


24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना सिटी। बढ़ती गर्मी और शुष्क मौसम के कारण अगलगी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए अग्निशमन विभाग पटना सिटी पूरी तरह से अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है। इसी कड़ी में आज दिनांक 9 अप्रैल 2026 को अग्निशमन केंद्र पटना सिटी की एक विशेष टीम द्वारा क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील और सार्वजनिक स्थानों पर सघन जन-जागरूकता अभियान और मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को आग जैसी आपदा के समय त्वरित कार्रवाई और बचाव के वैज्ञानिक तरीकों से अवगत कराना था।


इस महत्वपूर्ण अभियान का नेतृत्व मुख्य रूप से प्रभारी अधिकारी पंकज कुमार रजक द्वारा किया गया, जिसमें अग्नि चालक कृष्णा कुमार के साथ अग्निक दीपक कुमार और महिला अग्निक कुमारी ब्यूटी ने सक्रिय भूमिका निभाई। टीम ने सबसे पहले मोर्चा रोड स्थित क्रिएटिव पब्लिक स्कूल में पहुंचकर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को अग्नि सुरक्षा के गुर सिखाए। यहाँ आयोजित कार्यक्रम में बताया गया कि स्कूल जैसे भीड़भाड़ वाले परिसरों में आग लगने की स्थिति में बिना घबराए किस प्रकार सुरक्षित निकासी सुनिश्चित की जा सकती है।

इसके उपरांत टीम ने जी.जी.एस. बैंकेट हॉल और मोर्चा रोड वार्ड संख्या 69 के आसपास के क्षेत्रों में जाकर स्थानीय निवासियों और व्यापारियों को बिजली के शॉर्ट सर्किट व अन्य कारणों से होने वाली अगलगी के प्रति सचेत किया।
अभियान की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी मोर्चा रोड के नीचे स्थित मुसहरी झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों में देखने को मिली, जहाँ विभाग की टीम ने जमीन पर उतरकर गरीब तबके के लोगों को सुरक्षा के व्यावहारिक तरीके समझाए। गर्मी के दिनों में फूस के घरों और झुग्गियों में आग लगने का खतरा सर्वाधिक होता है, इसलिए कर्मियों ने खाना बनाने के बाद चूल्हे की आग को पूरी तरह बुझाने और रसोई के पास ज्वलनशील पदार्थ न रखने की सख्त हिदायत दी।

इसके साथ ही मालसलामी थाना अंतर्गत संचालित विभिन्न रेस्टोरेंट्स में भी सुरक्षा मानकों की जांच की गई और वहां कार्यरत कर्मचारियों के साथ मॉक ड्रिल की गई। इस दौरान आग बुझाने वाले उपकरणों (फायर एक्सटिंग्विशर) को चलाने का लाइव डेमो दिया गया ताकि किसी भी छोटी चिंगारी को बड़े हादसे में बदलने से पहले ही नियंत्रित किया जा सके।
क्षेत्र के नागरिकों ने अग्निशमन विभाग की इस पहल की सराहना की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि जान-माल के नुकसान को न्यूनतम स्तर पर लाया जा सके।

Related Articles

Back to top button