
24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना: बिहार पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और कटिहार पुलिस ने एक संयुक्त अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए जिले के कुख्यात और वांछित अपराधकर्मी रणवीर यादव उर्फ कारेलाल यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई पटना के कंकरबाग थाना क्षेत्र में की।
रणवीर यादव कटिहार जिले के लिए एक बड़ा सिरदर्द बना हुआ था और उसके विरुद्ध विभिन्न थानों में हत्या, आर्म्स एक्ट और रंगदारी जैसे गंभीर अपराधों से जुड़े कुल 14 मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश में जुटी थी।
इस गिरफ्तारी को लेकर पुलिस महकमे में संतोष की लहर है। अधिकारियों का कहना है कि रणवीर यादव की गिरफ्तारी से कटिहार और आसपास के क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी। पुलिस अब उससे पूछताछ कर उसके अन्य आपराधिक गतिविधियों और साथियों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।
कटिहार पुलिस इस गिरफ्तारी को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मान रही है और STF के साथ मिलकर इस संयुक्त कार्रवाई को सफल बनाने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।