न्यूज़

पटना साहिब में खालसा साजना दिवस: भव्य नगर कीर्तन के साथ गूंजे ‘जो बोले सो निहाल’, मानवता की सेवा का लिया गया संकल्प



24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना, 13 अप्रैल: सिखों के दसवें गुरु, श्री गुरु गोबिंद सिंह महाराज की पावन जन्मस्थली तख्त श्री पटना साहिब में ‘खालसा साजना दिवस’ यानी बैसाखी का पर्व पूरे हर्षोल्लास और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। इसी उपलक्ष्य में सोमवार को गुरुद्वारा गुरु का बाग से तख्त श्री पटना साहिब तक एक भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसने पूरे मार्ग को भक्तिमय बना दिया।


नगर कीर्तन की शुरुआत गुरुद्वारा गुरु का बाग में जत्थेदार ज्ञानी बलदेव सिंह जी द्वारा की गई विशेष अरदास के साथ हुई। अरदास के बाद जैसे ही जत्था नगर कीर्तन के लिए रवाना हुआ, पूरा वातावरण ‘जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल’ के जयकारों से गूंज उठा। बड़ी संख्या में संगत ने इसमें भागीदारी की और बैंड-बाजों की धुन व कीर्तन गायन के बीच यह नगर कीर्तन विभिन्न मार्गों से होता हुआ अंततः तख्त श्री पटना साहिब पहुँचा। रास्ते भर स्थानीय संगत ने फूलों की वर्षा कर नगर कीर्तन का स्वागत किया।


इस अवसर पर तख्त श्री पटना साहिब प्रबंधक कमेटी के प्रधान जगजोत सिंह सोही ने खालसा पंथ के गौरवशाली इतिहास पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि सन 1699 की बैसाखी का दिन भारतीय इतिहास में अत्यंत महत्वपूर्ण है, जब श्री गुरु गोबिंद सिंह जी ने अमृत छकाकर खालसा पंथ का सृजन किया था। उन्होंने कहा कि खालसा पंथ की स्थापना का मुख्य उद्देश्य अन्याय के विरुद्ध डटकर खड़े होना और समाज के हर तबके की रक्षा करना था।


मानवता की सेवा को खालसा पंथ की सबसे बड़ी पहचान बताते हुए प्रधान जगजोत सिंह सोही ने कहा कि यह दुनिया की पहली ऐसी कौम है जो ‘पांच ककार’ धारण करके बिना किसी स्वार्थ के निरंतर सेवा में लगी रहती है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि गुरु साहिब ने हमें धर्म, जात-पात और ऊंच-नीच के भेदभाव से ऊपर उठकर मानव मात्र की सेवा का जो आदेश दिया था, उसी का पालन करते हुए खालसा पंथ आज पूरी दुनिया में संकट के समय सबसे पहले मदद के लिए पहुँचता है।


प्रबंधक कमेटी ने जानकारी दी कि आज का नगर कीर्तन खालसा साजना दिवस के मुख्य समारोहों की एक सुखद शुरुआत है। इसके मुख्य कार्यक्रम कल, 14 अप्रैल को संपन्न होंगे, जिसमें सुबह अखंड पाठ की पूर्णता होगी। इसके उपरांत तख्त श्री पटना साहिब में विशेष दीवान सजाए जाएंगे, जिसमें प्रख्यात रागी जत्थे गुरुबाणी का रसभिन कीर्तन कर संगत को निहाल करेंगे। कल होने वाले इन विशेष आयोजनों के लिए दूर-दराज से संगत के पटना साहिब पहुँचने का सिलसिला जारी है।


इस पावन अवसर पर तख्त श्री पटना साहिब प्रबंधक कमेटी के प्रधान जगजोत सिंह सोही, महासचिव इंद्रजीत सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष लखविन्द्र सिंह, उपाध्यक्ष गुरविंदर सिंह और सचिव हरबंस सिंह ने पूरे देश और विशेषकर पटना की संगत को खालसा साजना दिवस की हार्दिक बधाई दी है। कमेटी के सभी पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे कल आयोजित होने वाले विशेष दीवानों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त करें।

Related Articles

Back to top button