
24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना: पटना सिटी के खाजेकलां थाना क्षेत्र स्थित बरखत खाँ के अखाड़ा के पास जब 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा अपनी सहेलियों के साथ कोचिंग पढ़कर वापस अपने घर लौट रही थी, तभी रास्ते में पहले से मौजूद 2 अज्ञात मनचले युवकों ने उन पर भद्दे कमेंट्स और फब्तियां कसनी शुरू कर दीं।
जब छात्राओं ने मनचलों की इस हरकत का हिम्मत दिखाकर कड़ा विरोध किया, तो आरोपी आक्रोशित हो उठे और उन्होंने छात्राओं के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे।
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित पक्ष ने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर खाजेकलां थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
फिलहाल पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात आरोपियों की शिनाख्त कर उनकी जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।



