24CITYLIVE/बिहार/बेगूसराय के तेघड़ा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेला ड्यूटी पर तैनात महिला प्रशिक्षु सब-इंस्पेक्टर (SI) संध्या कुमारी के साथ अभद्रता करने और थप्पड़ मारने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी रौनक कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद बेगूसराय एसपी के निर्देश पर डीएसपी तेघड़ा कृष्ण कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह त्वरित कार्रवाई की।
मेला ड्यूटी के दौरान हुई थी घटना
घटना 8-9 सितंबर की देर रात लगभग डेढ़ बजे एनएच 28 चौक के पास की है। तेघड़ा मेला ग्राउंड में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मटिहानी थाना में पदस्थापित प्रशिक्षु एसआई संध्या कुमारी, महिला सिपाही श्वेता कुमारी के साथ तैनात थीं। इसी दौरान राहगीरों को धक्का देते हुए आ रहे दो युवकों में से एक ने गलत नीयत से अपने साथी को महिला अधिकारी से टकरा दिया। जब महिला अधिकारी ने इसका विरोध किया, तो दोनों युवकों ने उनके साथ हाथापाई करते हुए थप्पड़ जड़ दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
48 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी दबोचा गया
पीड़िता के लिखित आवेदन के आधार पर तेघड़ा थाना में कांड संख्या 398/26 दर्ज किया गया। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और विशेष टीम की मदद से प्राथमिकी दर्ज होने के 48 घंटे के भीतर मटिहानी थाना क्षेत्र के रामदीरी (लवरचक) निवासी रौनक कुमार (पिता- अशोक चंद्रवंशी) को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी नगर थाना क्षेत्र में मोबाइल की दुकान चलाता है।
डीएसपी की चेतावनी और स्थानीय लोगों में आक्रोश
तेघड़ा डीएसपी कृष्ण कुमार ने बताया कि ड्यूटी पर तैनात महिला अधिकारी से दुर्व्यवहार और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में एक की गिरफ्तारी हो चुकी है और दूसरे फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है। किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी। वहीं स्थानीय लोगों ने घटना की तीव्र निंदा करते हुए दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
बेगूसराय: ऑन-ड्यूटी महिला SI से अभद्रता व थप्पड़ मारने वाला मुख्य आरोपी रौनक कुमार गिरफ्तार, दूसरा फरार



