
24CITYLIVE/बिहार/आदर्श सिंह/पटना: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बिहार पुलिस मुख्यालय के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) कुंदन कृष्णन को स्टेट नोडल पुलिस अधिकारी बनाया गया है। वहीं, एडीजी विधि-व्यवस्था एवं एटीएस पंकज दराद को केंद्रीय बलों का राज्य समन्वयक (स्टेट को-आर्डिनेटर) बनाया गया है।
एडीजी कमल किशोर सिंह बजट से जुड़ी जिम्मेदारी संभालेंगे।
सूत्रों के अनुसार, चुनाव को लेकर बिहार पुलिस जल्द ही सुरक्षा बलों का आकलन शुरू करेगी। शांतिपूर्ण चुनाव के लिए संवेदनशील बूथों आदि को भी चिह्नित किया जाएगा। दरअसल, विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर बुधवार को दिल्ली में चुनाव आयोग का एक दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने भी पुलिस पदाधिकारियों को संबोधित किया।
बैठक में कुल 69 पदाधिकारी शामिल हुए थे
इसमें बिहार पुलिस की ओर से तीन एडीजी कुंदन कृष्णन, पंकज दराद और केके सिंह के साथ आइजी, डीआइजी, एसपी व डीएसपी रैंक के कुल 69 पदाधिकारी शामिल हुए। इन सभी को आगामी विधानसभा चुनाव से जुड़ी प्रशासनिक तैयारियों व कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई।
चुनाव से पहले और चुनाव के दौरान पुलिस के कर्तव्यों और निष्पक्षता आदि को लेकर आयोग के अधिकारियों ने अहम जानकारी दी। आचार संहिता के दौरान पुलिस पदाधिकारियों के कर्तव्यों और निष्पक्षता आदि के बारे में भी बताया गया।