न्यूज़

पटना साहिब महोत्सव 2026: तैयारियों का जायजा लेने सिटी स्कूल मैदान पहुंचे वरीय अधिकारी, सुरक्षा के होंगे पुख्ता इंतजाम

24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना सिटी: बिहार के ऐतिहासिक ‘पटना साहिब महोत्सव’ का आयोजन आगामी 14 और 15 अप्रैल को सिटी स्कूल के खेल मैदान में किया जाना है। इस दो-दिवसीय भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आज पटना सिटी के एसडीओ सत्यम सहाय, एसडीपीओ (डीएसपी-2) डॉ. गौरव कुमार और ट्रैफिक डीएसपी ने स्थानीय थानाध्यक्ष के साथ कार्यक्रम स्थल का गहन निरीक्षण किया।


निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम में आने वाले लोगों की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रवेश एवं निकास द्वारों की अलग-अलग व्यवस्था करने का निर्णय लिया है। इसके तहत वीवीआईपी और प्रशासनिक वाहनों की एंट्री चौक शिकारपुर रोड के रास्ते से तय की गई है, जबकि आम जन-मानस के लिए बगल के अलग गेट से प्रवेश की व्यवस्था की गई है। पार्किंग को लेकर प्रशासन ने सिटी स्कूल प्रांगण को मुख्य स्थल के रूप में चिन्हित किया है, लेकिन यदि वहां भीड़ का दबाव बढ़ता है, तो मंगल तालाब के समीप सर्कुलर रोड पर भी वैकल्पिक पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।


सुरक्षा को लेकर डीएसपी डॉ. गौरव कुमार ने स्पष्ट किया कि पूरे महोत्सव स्थल पर ड्रोन और वीडियोग्राफी के जरिए पैनी नजर रखी जाएगी। किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए इमरजेंसी एग्जिट बनाए गए हैं और कंट्रोल रूम से लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। साथ ही, ट्रैफिक प्रबंधन को सुचारू रखने के लिए कार्यक्रम से तीन घंटे पहले ही बाईपास थाना क्षेत्र से रूट डायवर्ट कर दिए जाएंगे ताकि चौक शिकारपुर पर भीड़ का अधिक दबाव न बने।


इस वर्ष महोत्सव में देश के कई ख्याति-लब्ध कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम के पहले दिन हर्षप्रीत कौर और राजवीर सिंह का ग्रुप गिद्धा और पंजाबी भांगड़ा के जरिए समां बांधेंगे, वहीं मशहूर गायिका ममता जोशी और गायक अल्ताफ राजा जैसे बड़े नाम महोत्सव की मुख्य आकर्षण होंगे। इसके अतिरिक्त, स्थानीय कलाकारों को भी अपनी कला प्रदर्शन का विशेष अवसर प्रदान किया जाएगा। प्रशासन ने पेयजल, साफ-सफाई और पटना सिटी के प्रसिद्ध व्यंजनों के लिए विशेष फूड स्टॉल्स की व्यवस्था की है। अधिकारियों ने विश्वास दिलाया है कि प्रशासन और सिविल विभागों के आपसी समन्वय से यह महोत्सव पिछले वर्षों की तुलना में अधिक भव्य और सुरक्षित तरीके से संपन्न होगा।

Related Articles

Back to top button