न्यूज़

पटना: नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, घटना में इस्तेमाल कार जब्त; तीसरे आरोपित की तलाश तेज



24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना: विजयवाड़ा से मोतिहारी स्थित अपने गांव जाने के लिए पटना पहुंची 15 वर्षीय नाबालिग के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले में रेल पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को दानापुर रेल पुलिस ने अनीसाबाद इलाके से उस सफेद रंग की कार को जब्त कर लिया है, जिसमें पीड़िता के साथ दरिंदगी की गई थी।
इस मामले में पुलिस अब तक दो मुख्य आरोपितों, विकास उर्फ विजय और पवन राय को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि तीसरे फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

मदद के नाम पर दिया गया झांसा
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता 28 अप्रैल को विजयवाड़ा से ट्रेन पकड़कर 1 मई की शाम पटना जंक्शन पहुंची थी। जंक्शन पर मोबाइल चोरी होने के बाद जब वह रो रही थी, तभी एक युवक ने मदद का झांसा देकर उसे अपने विश्वास में लिया। आरोपित उसे ऑटो से गांधी मैदान ले गया, जहां उसका एक और साथी सफेद कार के साथ पहले से मौजूद था।

कार और निर्माणाधीन मकान में दरिंदगी
आरोपितों ने पहले चलती कार के भीतर पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया और फिर उसे बेऊर स्थित एक निर्माणाधीन मकान में ले गए। वहां तीसरा आरोपित भी पहुंच गया और तीनों ने मिलकर नाबालिग के साथ इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। जब पीड़िता की तबीयत बिगड़ने लगी, तो आरोपित उसे दानापुर स्टेशन के पास छोड़कर फरार हो गए।

पुलिस की कार्रवाई और पीड़िता का स्वास्थ्य
दानापुर रेल थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि जब्त की गई कार इस मामले में एक अहम कड़ी साबित होगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पीड़िता का इलाज फिलहाल पीएमसीएच में चल रहा है और उसकी स्थिति में काफी सुधार है। उम्मीद जताई जा रही है कि एक-दो दिनों में उसे अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी। रेल पुलिस फरार चल रहे तीसरे अपराधी को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

Related Articles

Back to top button