देशन्यूज़पटनाप्रशासनिकबिहारबिहारराज्यहेडलाइंस

पटना में वीआईपी ड्यूटी में लापरवाही और जाम के दौरान मोबाइल चलाने पर गाज, महिला सिपाही निलंबित; तीन का वेतन रुका


24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान ड्यूटी में लापरवाही बरतने और शहर में जाम के समय मोबाइल का इस्तेमाल करने के मामले में यातायात पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने बड़ी कार्रवाई की है। वीआईपी रूट से बिना सूचना गायब रहने पर एक महिला सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, जबकि ड्यूटी के दौरान केबिन में बैठकर मोबाइल चला रहे पुलिसकर्मियों का वेतन रोकते हुए उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से गायब मिली थीं पुलिसकर्मी
पहला मामला दो सितंबर का है, जब चैंबर ऑफ कॉमर्स में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर बाटा मोड़ पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए रूट लाइन की जांच की जा रही थी। जांच के दौरान बाटा मोड़ पर तैनात महिला सिपाही निशा कुमारी और महिला गृहरक्षक रुचि कुमारी बिना किसी पूर्व सूचना या अनुमति के अपने पोस्ट से अनुपस्थित पाई गईं।
अति महत्वपूर्ण वीआईपी कार्यक्रम में इस गंभीर अनुशासनहीनता को देखते हुए यातायात एसपी ने महिला सिपाही निशा कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय यातायात संचालन निर्धारित किया गया है और विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है। वहीं, महिला गृहरक्षक रुचि कुमारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी जा रही है।
जाम के बीच केबिन में मोबाइल चलाते धरे गए तीन कर्मी
दूसरा मामला पांच सितंबर की शाम करीब 6:45 बजे का है। पिक आवर (शाम 5 से रात 8 बजे) के दौरान बाकरगंज यातायात पोस्ट का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय सड़क पर भारी जाम लगा हुआ था, लेकिन यातायात संभालने के बजाय एएसआई रविन्द्र कुमार मंडल, महिला सिपाही गीता कुमारी और गृहरक्षक सूरज कुमार केबिन के अंदर बैठकर मोबाइल चलाते पाए गए।
नियमों की अनदेखी पर कार्रवाई करते हुए एएसआई रविन्द्र कुमार मंडल और सिपाही गीता कुमारी का वेतन तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है और सात दिनों के भीतर जवाब तलब किया गया है। गृहरक्षक सूरज कुमार के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए अलग से प्रतिवेदन भेजा जा रहा है।
इसके अलावा कारगिल यातायात पोस्ट पर भी दो महिला पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान मोबाइल चलाते पाया गया, जिनके खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Related Articles

Back to top button