न्यूज़

क्रिकेट विवाद में दोस्तों ने ली जान: घर से बुलाकर युवक को मारी गोली

24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना के दीदारगंज थाना क्षेत्र स्थित कोठिया गांव में गुरुवार की रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ दोस्तों ने ही 20 वर्षीय हर्ष कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक के पिता राजू कुमार के अनुसार, हर्ष रात में खाना खा रहा था तभी मोहम्मदपुर गांव के रहने वाले उसके कुछ दोस्तों का फोन आया। फोन आने पर वह जैसे ही घर से करीब 150 मीटर दूर कोठिया मंदिर के पास पहुँचा, घात लगाए बैठे अपराधियों ने उसके सीने में गोली मार दी। घायल अवस्था में नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) ले

जाने के क्रम में हर्ष ने दम तोड़ दिया।
घटना का मुख्य कारण कुछ दिनों पहले क्रिकेट खेलने के दौरान हुआ विवाद बताया जा रहा है। वारदात के बाद ग्रामीणों ने अपराधियों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वे भागने में सफल रहे। ग्रामीणों ने पुलिस पर सूचना के बावजूद देरी से पहुँचने का आरोप लगाया है।

मौके पर पहुँची FSL की टीम और पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। थाना अध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस घटना से पूरे गांव में मातम और तनाव का माहौल है।

Related Articles

Back to top button