न्यूज़

हाजीपुर में खूनी संघर्ष: आईटीबीपी जवान ने ममेरे भाई को मारी तीन गोलियां, आरोपी गिरफ्तार

24CITYLIVE/हाजीपुर:बिहार के वैशाली जिला मुख्यालय हाजीपुर में आपसी विवाद ने उस वक्त हिंसक रूप ले लिया जब नगर थाना क्षेत्र की समता कॉलोनी में एक आईटीबीपी जवान ने अपने ही ममेरे भाई पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस जानलेवा हमले में युवक को तीन गोलियां लगी हैं, जिससे उसकी स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया और स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जवान को मौके से ही दबोच लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, समता कॉलोनी निवासी जितेंद्र कुमार सिंह को उनके ममेरे भाई और आईटीबीपी जवान रोहित सिंह उर्फ शैलेंद्र कुमार सिंह ने बातचीत के लिए अपने घर बुलाया था। दोनों के बीच लंबे समय से जमीन और पारिवारिक मसलों को लेकर विवाद चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस सूत्रों के मुताबिक, चर्चा के दौरान दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक शुरू हुई जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इसी दौरान आक्रोशित होकर जवान रोहित सिंह ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से जितेंद्र पर फायरिंग कर दी, जिससे उनके सीने में तीन गोलियां जा लगीं।
रक्त रंजित अवस्था में घायल जितेंद्र को तत्काल हाजीपुर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच, पटना रेफर कर दिया है। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर थानाध्यक्ष और सदर-1 एसडीपीओ सुबोध कुमार ने एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी पिस्टल को जब्त कर लिया है।
इस हाई-प्रोफाइल मामले में अब जांच के कई पहलू सामने आ रहे हैं। जहां एक ओर घायल पक्ष इसे शुद्ध रूप से जमीनी विवाद बता रहा है, वहीं गिरफ्तार जवान ने पुलिसिया पूछताछ में चौंकाने वाला दावा किया है। आरोपी जवान के अनुसार, घायल का उसकी पत्नी के साथ कथित प्रेम संबंध था और बातचीत के दौरान उस पर चाकू से हमला किया गया था, जिसके जवाब में उसने आत्मरक्षा में गोली चलाई। फिलहाल पुलिस प्रेम प्रसंग, जमीनी रंजिश और आत्मरक्षा के दावों की गहनता से पड़ताल कर रही है ताकि घटना के पीछे की असली वजह स्पष्ट हो सके।

Related Articles

Back to top button