राजधानी में अपराधियों के हौसले बुलंद: दीदारगंज में 24 घंटे के भीतर दूसरी हत्या, बुजुर्ग रामप्रवेश सिंह को गोलियों से भूना

24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना सिटी:राजधानी पटना के दीदारगंज थाना क्षेत्र में अपराधियों ने पुलिसिया इकबाल को ठेंगे पर रख दिया है। इलाके में बेलगाम बदमाशों के तांडव का आलम यह है कि महज 24 घंटे के भीतर दो हत्याओं से पूरा क्षेत्र दहल उठा है। ताजा सनसनीखेज मामला सोनावा गांव का है, जहां हथियारबंद अपराधियों ने 60 वर्षीय बुजुर्ग रामप्रवेश सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। अपराधियों की दुस्साहस का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उन्होंने न केवल हत्या की वारदात को अंजाम दिया, बल्कि साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को दूसरे इलाके में ले जाकर फेंक दिया।
मृतक की पहचान सोनावा गांव निवासी रामप्रवेश सिंह के रूप में हुई है, जो पेशे से निजी ड्राइवर थे और साथ ही सूद-ब्याज का कारोबार भी करते थे। परिजनों के मुताबिक, रामप्रवेश सिंह के भाई मुन्ना कुमार और भतीजे गोलू कुमार ने फिलहाल किसी पुरानी रंजिश की बात स्पष्ट रूप से नहीं कही है, लेकिन शुरुआती कयास यही लगाए जा रहे हैं कि इस हत्याकांड के पीछे पैसों के लेन-देन या सूद-ब्याज का पुराना विवाद हो सकता है। पुलिस ने शव को खानपुर इलाके से बरामद किया है, जबकि घटनास्थल की जांच के दौरान सोनावा गांव स्थित उनके घर के समीप जमीन पर भारी मात्रा में खून के धब्बे मिले हैं। इससे यह साफ हो गया है कि हत्यारों ने पहले सोनावा गांव के पास वारदात को अंजाम दिया और फिर साक्ष्य छुपाने की नीयत से लाश को खानपुर में ठिकाने लगा दिया।
इस दोहरी हत्याकांड ने स्थानीय पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गौरतलब है कि गुरुवार की देर रात भी इसी थाना क्षेत्र के कोठिया इलाके में अपराधियों ने हर्ष कुमार नामक एक युवक की घर से बुलाकर गोली मारकर हत्या कर दी थी। एक के बाद एक हुई इन वारदातों से ग्रामीणों में भारी आक्रोश और भय का माहौल व्याप्त है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फतुहा डीएसपी-1 अवधेश कुमार के नेतृत्व में एफएसएल (FSL) और डॉग स्क्वायड की टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। डीएसपी ने आश्वासन दिया है कि अपराधियों की पहचान के लिए छापेमारी जारी है और जल्द ही इस मामले का खुलासा कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

