पटना में अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन का महाभियान जारी, जिलाधिकारी ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना: पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. के निर्देश पर शनिवार को शहर के विभिन्न इलाकों में सातवें दिन भी अतिक्रमण हटाओ अभियान पूरी सख्ती के साथ चलाया गया। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित एसडीओ और एसडीपीओ को स्पष्ट निर्देश दिया है कि अतिक्रमण उन्मूलन अभियान का नियमित पर्यवेक्षण करें और दोबारा अतिक्रमण रोकने के लिए फॉलो-अप टीम को लगातार सक्रिय रखें।

प्रशासन की ओर से यह साफ कर दिया गया है कि आदतन अतिक्रमणकारियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी और दोबारा उल्लंघन करने वालों पर अनिवार्य रूप से प्राथमिकी दर्ज होगी। सुव्यवस्थित यातायात प्रबंधन को प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि संपूर्ण प्रशासनिक तंत्र इसके लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और अभियान में व्यवधान डालने वालों के खिलाफ विधि-सम्मत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


आज के विशेष अभियान के दौरान शहर के विभिन्न अंचलों में बड़ी कार्रवाई की गई, जिसमें पटना नगर निगम के बाँकीपुर अंचल में बुद्धमूर्ति, कदमकुआँ और बारीपथ से अस्थायी अतिक्रमण हटाकर 29,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसी तरह पाटलिपुत्र अंचल में गोलघर और बाँस घाट के पास से चार झोपड़ियों को हटाया गया, जबकि अजीमाबाद अंचल में डंका ईमली सब्जी मंडी से गायघाट तक अभियान चलाकर ठेला और काउंटर जब्त किए गए। नगर परिषद खगौल, कंकड़बाग, नूतन राजधानी, पटना सिटी, फुलवारीशरीफ और दानापुर निजामत क्षेत्रों में भी सुबह से ही टीमें सक्रिय रहीं, जहां सड़कों के किनारे से अस्थायी दुकानों और अतिक्रमण को हटाते हुए कुल 46,200 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया। जिलाधिकारी ने इस मल्टी-एजेंसी अभियान की निगरानी के लिए एक पांच सदस्यीय मॉनिटरिंग सेल का भी गठन किया है जिसमें यातायात पुलिस और नगर निगम के वरीय अधिकारी शामिल हैं। वरीय पुलिस अधीक्षक को भी यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि थानाध्यक्ष अतिक्रमण हटाने का विवरण स्टेशन डायरी में दर्ज करें ताकि हटाए गए स्थानों पर दोबारा कब्जा न हो सके।

