पटना सिटी में खाकी का मानवीय चेहरा: मंगल तालाब में कूदकर सुसाइड करने जा रहे युवक को ASI रामजी यादव ने बचाया

24CityLive/आदर्श सिंह/पटना: राजधानी पटना सिटी के चौक थाना क्षेत्र स्थित मंगल तालाब आज एक बड़ी अनहोनी का गवाह बनने से बच गया। जहाँ एक ओर किनारे खड़े लोग केवल तमाशा देखते रहे, वहीं खाकी वर्दी में तैनात एक ‘देवदूत’ ने अपनी जान की बाजी लगाकर एक युवक को मौत के मुँह से बाहर निकाल लिया।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, खाजेकलां थाना क्षेत्र के लोदी कटरा निवासी सोनू पासवान (पिता: स्वर्गीय देवानंद पासवान) का अपने परिजनों से किसी बात पर विवाद हो गया था। इसी गुस्से और तनाव में आकर युवक ने मंगल तालाब में छलांग लगा दी। युवक को डूबता देख वहां मौजूद लोग मूकदर्शक बने रहे, लेकिन पास ही स्थित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) पटना सिटी-2 कार्यालय में तैनात ASI रामजी यादव की नजर जैसे ही उस पर पड़ी, उन्होंने बिना एक पल गंवाए तालाब में छलांग लगा दी।
अदम्य साहस का परिचय:
ASI रामजी यादव ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए गहरे पानी के बीच से युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अगर पुलिसकर्मी तत्परता नहीं दिखाते, तो सोनू की जान बचाना नामुमकिन था। फिलहाल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
पटना सिटी की जनता इस जांबाज पुलिसकर्मी के जज्बे को सलाम कर रही है। पुलिस के इस मानवीय चेहरे ने एक बार फिर साबित कर दिया कि ‘खाकी’ आज भी आम जनमानस की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है।



