पटना में बड़ी डकैती: बेखौफ अपराधियों ने कैश वैन से लूटे 27 लाख, सुरक्षा में दिखी बड़ी लापरवाही

(24CityLive) आदर्श सिंह/पटना: राजधानी पटना के गोपालपुर थाना क्षेत्र में आज अपराधियों ने दिनदहाड़े एक बड़ी लूट की घटना को अंजाम दिया। हथियारबंद अपराधियों ने दुकानों और मॉल से कैश कलेक्शन करने वाली CMS कंपनी की वैन को रोककर लगभग 27 लाख रुपये लूट लिए।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। जांच के दौरान सुरक्षा मानकों में भारी लापरवाही सामने आई है। पुलिस के अनुसार, वारदात के वक्त वैन के शीशे नीचे थे और दरवाजा भी अंदर से लॉक नहीं था। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि वैन के भीतर की तिजोरी (Safe) भी खुली हुई थी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि अपराधियों की संख्या 5 थी जो बाइक पर सवार होकर आए थे। कंपनी ने इतनी बड़ी रकम के मूवमेंट की जानकारी स्थानीय थाने को भी नहीं दी थी, साथ ही वैन में सीसीटीवी कैमरों का भी अभाव पाया गया है। फिलहाल पुलिस वैन के ड्राइवर, गार्ड और कस्टोडियन से पूछताछ कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने लापरवाही को लेकर कंपनी को शो-कॉज नोटिस भी जारी किया है।
