बड़ी धवलपुरा के 400 वर्ष पुराने प्राचीन शनि देव मंदिर में शनि जयंती की धूम, सुरक्षा और सेवा के पुख्ता इंतजाम

24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना सिटी (धवलपुरा):प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी बड़ी धवलपुरा स्थित ऐतिहासिक श्री शनि देव मंदिर में शनि देव जयंती का भव्य आयोजन किया गया। लगभग 400 वर्ष पुराने इस प्राचीन मंदिर में वर्षों से जयंती के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की परंपरा रही है। इसी कड़ी में 16 मई को शनि जयंती के अवसर पर विशेष अनुष्ठान का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और मंदिर प्रबंधन द्वारा सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है।

जल-शरबत की व्यवस्था और मेला
भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए मंदिर आयोजन समिति और विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों द्वारा जगह-जगह शुद्ध पेयजल एवं शरबत के स्टॉल लगाए गए हैं, ताकि दर्शनार्थियों को राहत मिल सके। इसके साथ ही बच्चों के मनोरंजन के लिए आकर्षक मेले का भी आयोजन किया गया है, जो स्थानीय लोगों के बीच मुख्य आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

दो दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम और भंडारा
16 मई की सुबह से ही भगवान श्री शनि देव का विधि-विधान से पूजन शुरू हुआ। शाम 4:00 बजे से विशाल भंडारे (महाप्रसाद) की शुरुआत की गई, जो देर रात तक अनवरत जारी रहा। इसके साथ ही 16 और 17 मई की शाम को दो दिवसीय भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें कलाकार अपनी प्रस्तुतियां दे रहे हैं।



मुख्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
शनि जयंती के इस पावन अवसर पर कई विशिष्ट अतिथियों ने शिरकत की। इसमें मुख्य रूप से पटना साहिब के विधायक रत्नेश कुशवाहा, बिहार राज्य सब्जी प्रसंस्करण एवं विपणन सहकारी फेडरेशन (सब्जी संघ) के अध्यक्ष रूपनारायण मेहता, पटना की महापौर (मेयर) सीता साहू, उप-महापौर रश्मि चंद्रवंशी, वार्ड पार्षद सुनीता देवी, वार्ड पार्षद संध्या यादव, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि राजू गुप्ता, अरशद और सनी देवल उपस्थित हुए। सभी अतिथियों ने भगवान शनि देव के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
सफल आयोजन में जुटी टीम
इस पूरे धार्मिक उत्सव को भव्य और सफल बनाने में मंदिर आयोजन समिति के अध्यक्ष विनोद कुमार बिन्नू, सचिव विपुल मेहता, कोषाध्यक्ष सिकंदर कुमार, सदस्य प्रेमजीत कुमार उर्फ टुन्नू, प्रफुल्ल पांडे, गब्बर मेहता और रितेश कुमार सहित पूरी टीम मुस्तैदी से जुटी हुई है।
यह जानकारी श्री शनि देव मंदिर के मीडिया प्रभारी अजय मेहता ने दी।

