पटना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चौक शिकारपुर TOP पुलिस ने विदेशी शराब के साथ धंधेबाज को दबोचा

24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना: बिहार में पूर्ण शराबबंदी को अमली जामा पहनाने और अवैध शराब के कारोबारियों पर नकेल कसने के लिए पटना पुलिस लगातार एक्शन मोड में है। इसी कड़ी में आज, 26 मई को चौक थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चौक शिकारपुर T.O.P क्षेत्र में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की है, साथ ही एक धंधेबाज को भी रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
चेकिंग के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ा तस्कर
मिली जानकारी के अनुसार, चौक शिकारपुर T.O.P के पुलिस पदाधिकारी और जवान क्षेत्र में गश्ती पर थे। इसी दौरान पटना साहिब स्टेशन से चौक शिकारपुर फ्लाईओवर (ROB) के पास पुलिस टीम ने संदिग्ध स्थिति में चेकिंग शुरू की। पुलिस को देखते ही एक युवक भागने की कोशिश करने लगा, जिसे मुस्तैद जवानों ने खदेड़कर धर दबोचा।
34 लीटर से अधिक विदेशी शराब बरामद
सटीक आसूचना संकलन और त्वरित कार्रवाई के आधार पर की गई इस छापेमारी में पुलिस ने अभियुक्त के पास से 34.24 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की है। गिरफ्तार तस्कर की पहचान सिंकु कुमार के रूप में हुई है, जो बाईपास थाना क्षेत्र के करमलीचक का रहने वाला बताया जा रहा है।
थाना प्रभारी का बयान
मामले की पुष्टि करते हुए चौक थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्त के खिलाफ मद्यनिषेध कानून के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब की यह खेप कहाँ से लाई जा रही थी और इसे कहाँ सप्लाई किया जाना था। थाना प्रभारी ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा। फिलहाल पुलिस द्वारा अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।


