न्यूज़

पटना में NH पर अतिक्रमण करने वालों की खैर नहीं: DM और SSP का बड़ा एक्शन, 15 दिनों में हटेंगे अवैध ढाबे और गाड़ियां

24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना: राजधानी पटना और इसके आसपास के राष्ट्रीय राजमार्गों (NH) पर अब अवैध कब्जा या गाड़ियों की अनधिकृत पार्किंग भारी पड़ने वाली है। जिलाधिकारी (DM) और वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) पटना ने आज समाहरणालय स्थित सभागार में एक हाई-लेवल बैठक बुलाई, जिसमें सभी अनुमंडलों के अधिकारियों को सख्त लहजे में एनएच को पूरी तरह से अतिक्रमण-मुक्त करने का आदेश दिया गया है।
अधिकारियों को साफ निर्देश दिया गया है कि अगले 15 दिनों के भीतर राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे से सभी अवैध ढाबों और अनधिकृत पार्किंग को पूरी तरह हटा दिया जाए।


“जन-सुरक्षा सर्वोपरि, खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं”
बैठक में सभी पुलिस अधीक्षकों, अनुमंडल पदाधिकारियों (SDO), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों (SDPO) और थानाध्यक्षों को संबोधित करते हुए पटना के डीएम और एसएसपी ने दो टूक कहा, “जन-सुरक्षा सर्वोपरि है और यात्रियों की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।” अक्सर देखा जाता है कि एनएच के किनारे ट्रकों और अन्य वाहनों को अवैध रूप से पार्क कर दिया जाता है, जिससे आए दिन भीषण सड़क हादसे होते हैं।


लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
प्रशासन ने अब इस समस्या से निपटने के लिए कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। नए निर्देशों के मुताबिक:
वाहन होंगे जब्त: राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे अवैध रूप से खड़े किए गए ट्रकों या अन्य वाहनों को तुरंत जब्त किया जाएगा।


लगेगा भारी जुर्माना: वाहन मालिकों के खिलाफ न सिर्फ भारी आर्थिक दंड (जुर्माना) लगाया जाएगा, बल्कि उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
चलेगा निरंतर अभियान: अपर जिला दंडाधिकारी (नगर व्यवस्था) को निर्देश दिया गया है कि वे एनएच के किनारे से अतिक्रमण हटाने के लिए लगातार (Continuous) विशेष अभियान चलाएं।


यातायात होगा सुगम और सुरक्षित
इस बड़े कदम का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्गों पर वाहनों के परिचालन को पूरी तरह सुगम, रफ्तारदार और सुरक्षित बनाना है। प्रशासन की इस सख्ती के बाद अब एनएच के किनारे अवैध रूप से दुकान चलाने वालों और गाड़ियां खड़ी करने वाले माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

Related Articles

Back to top button