नदी थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों पर कसा शिकंजा, भारी मात्रा में गांजा और स्मैक के साथ चार गिरफ्तार

24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना: जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। पुलिस महानिरीक्षक, केंद्रीय क्षेत्र और वरीय पुलिस अधीक्षक के कड़े निर्देशों के बाद जिले भर में नशीले पदार्थों के विरुद्ध विशेष समकालीन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पटना की नदी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग छापेमारी में कुल चार तस्करों को दबोचने में सफलता प्राप्त की है।
पहली कार्रवाई शनिवार, 9 मई को हुई जिसमें पुलिस ने जाल बिछाकर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 7.54 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। इसके साथ ही पुलिस ने इनके पास से 33,330 रुपये नगद और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। इस सफलता के ठीक अगले दिन यानी 10 मई की रात को पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी हाथ लगी। कच्ची दरगाह पीपापुल के पास की गई छापेमारी में पुलिस ने 12.10 किलोग्राम गांजा बरामद किया और इस मामले में भी दो अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।

फतुहा-01 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अवधेश कुमार ने इस पूरे मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस नशे के सौदागरों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। पकड़े गए चारों अभियुक्तों के विरुद्ध नदी थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस अब आगे की विधिसम्मत कार्रवाई में जुट गई है। पुलिस की इस तत्परता से इलाके के मादक पदार्थ तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।


