5 चोरी की बाइक और 2 मोबाइल संग 2 शातिर चोर गिरफ्तार, भेजे गए जेल

पटना (24CityLive): वाहन चोरों के खिलाफ अभियान चला रही चौक थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गश्ती के दौरान 5 चोरी की बाइक और 2 मोबाइल फोन के साथ 2 शातिर वाहन चोरों को धर दबोचा है। गिरफ्तार आरोपियों को कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
चेकिंग के दौरान हत्थे चढ़े आरोपी
चौक थाना अध्यक्ष के अनुसार, पुलिस टीम क्षेत्र में नियमित गश्ती और सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदिग्ध अवस्था में दिख रहे दो युवकों को रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान दोनों युवक पुलिस के सवालों का सही और स्पष्ट जवाब नहीं दे सके। कड़ाई से जांच करने पर उनके पास से चोरी की मोटरसाइकिलें और मोबाइल बरामद हुए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
साहिल कुमार: निवासी – मंगल तालाब (बिजली ऑफिस के पास), थाना – चौक, पटना।
आदर्श कुमार: निवासी – रानीपुर रसूलपुर, थाना – मेहदीगंज, पटना।
साहिल का रहा है पुराना आपराधिक इतिहास
पुलिस जांच में सामने आया है कि पकड़ा गया आरोपी साहिल कुमार आदतन वाहन चोर है और उसका पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। वह इससे पहले भी चौक थाना, रामकृष्ण नगर थाना, बाईपास थाना और पत्रकार नगर थाना क्षेत्रों में मोटरसाइकिल चोरी के संगीन मामलों में जेल की हवा खा चुका है।


