24CITYLIVE/बिहार पटना:-राम कृष्णा नगर थाना क्षेत्र के भूपतिपुर इलाके में 26 सितंबर को गैरेज संचालक अंजनी नंदन की गोली मारकर हत्या के मामले में मुख्य आरोपी सौरव सिंह को बख्तियारपुर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में रामकृष्णा नगर थाने में कांड संख्या 135/26 दर्ज की गई थी, जिसमें सौरव सिंह के अलावा समर्थ दुबे और दिवांशु मिश्रा को भी नामजद किया गया था। 

आज 25 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 4 बजे गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के कल्याण बीघा रोड के पास घेराबंदी की, 

जहां अपराधियों और पुलिस के बीच आमना-सामना हुआ। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस पर फायरिंग किए जाने पर जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें आरोपी सौरव कुमार के पैर में गोली लगी और वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। घटनास्थल की सघन तलाशी के दौरान पुलिस ने दो अत्याधुनिक पिस्तौल, दो मैगजीन और 14 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। घायल अवस्था में दबोचे गए सौरव कुमार को पहले इलाज के लिए स्थानीय बख्तियारपुर पीएचसी भेजा गया, 

जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे पटना के पीएमसीएच अस्पताल रेफर कर दिया है। पुलिस इस मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों समर्थ दुबे और दिवांशु मिश्रा की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।