24CITYLIVE/Patna:दुर्गापूजा (दशहरा) 2026 के अवसर पर शहर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस अधीक्षक (यातायात) पटना द्वारा नया ट्रैफिक रूट प्लान जारी किया गया है। यह व्यवस्था 17 अक्टूबर 2026 की दोपहर 3:00 बजे से 20 अक्टूबर 2026 की रात 10:00 बजे तक लागू रहेगी। इस दौरान एम्बुलेंस, शव वाहन और पासधारक गाड़ियों जैसे आपातकालीन वाहनों को छूट दी गई है।

बेली रोड और राजाबाजार क्षेत्र में सगुना मोड़ से एयरपोर्ट जाने वाले छोटे वाहन रुकनपुरा, राजाबाजार ओवरब्रिज के नीचे जगदेव पथ और बी०एम०पी० होते हुए जा सकेंगे। सगुना मोड़ से हड़ताली मोड़ जाने वाले वाहन राजाबाजार फ्लाईओवर के ऊपर से गुजरेंगे। राजीवनगर और दीघा से आने वाले वाहन केशरीनगर, अटल पथ, फ्रेंड्स कॉलोनी और जे०डी० वीमेंस कॉलेज के बगल से होते हुए बेली रोड जा सकते हैं। वहीं हड़ताली चौक से सगुना मोड़ जाने वाले सभी वाहन राजवंशीनगर और चिड़ियाखाना होकर फ्लाईओवर के ऊपर से गुजरेंगे।
डाकबंगला चौराहा और आसपास के क्षेत्रों में जी०पी०ओ० गोलम्बर से बुद्धमार्ग की ओर व्यावसायिक वाहनों का परिचालन बंद रहेगा और उन्हें आर० ब्लॉक चौराहा की तरफ मोड़ा जाएगा। भट्टाचार्या चौराहा, पटना जंक्शन और स्वामीनंदन तिराहा से डाकबंगला की तरफ वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। डाकबंगला से कोतवाली के बीच दोनों फ्लैंक में वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। पटना जंक्शन से गांधी मैदान जाने वाले छोटे वाहन अब गोरियाटोली चौक से एग्जीबिशन रोड होते हुए आवागमन करेंगे।

अशोक राजपथ और पटना सिटी क्षेत्र में कारगिल चौक से गाँधी चौक तक दोनों तरफ छोटे वाहनों का परिचालन होगा। गाँधी चौक से गायघाट और चौक मोड़ से दीदारगंज तक यातायात केवल पश्चिम से पूरब की ओर वन-वे रहेगा। विपरीत दिशा से आने वाले वाहनों को पुरानी बाईपास या जे०पी० गंगा पथ से जाना होगा। पश्चिम दरवाजा, पूरब दरवाजा और पटना सिटी चौक से अशोक राजपथ में प्रवेश बंद रहेगा। इसके अलावा गोविंद मित्रा रोड, सब्जीबाग रोड, नाला रोड और बाकरगंज-मखनियाकुएँ रोड पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा।

प्रशासन ने 17 से 20 अक्टूबर तक नगर निगम क्षेत्र में बस, ट्रक, ट्रैक्टर जैसे मालवाहक व यात्री वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। मेट्रो और अन्य निर्माण कार्य से जुड़े भारी वाहनों का परिचालन भी 15 से 21 अक्टूबर तक बंद रहेगा। गांधी मैदान के चारों तरफ, एस०पी० वर्मा रोड, छज्जूबाग और पटना म्यूजियम के आसपास नो-पार्किंग जोन घोषित किया गया है। श्रद्धालुओं के लिए फ्रेंजर रोड, वीरचन्द पटेल पथ, सिन्हा लाइब्रेरी रोड (केवल दोपहिया), पटना साइंस कॉलेज, पटना कॉलेज मैदान, मंगल तालाब और पटना साहिब स्टेशन के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है।