वैशाली: डायल 112 के सिपाही ने की खुदकुशी की कोशिश, गंभीर हालत में पटना रेफर

24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना: बिहार के वैशाली जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां डायल 112 में तैनात एक सिपाही ने संदेहास्पद परिस्थितियों में फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त करने की कोशिश की। इस घटना के बाद से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। घायल सिपाही की पहचान मुकेश कुमार के रूप में हुई है।
पारिवारिक विवाद की आशंका
जानकारी के मुताबिक, मुकेश कुमार की हाल ही में शादी हुई थी और वह अपनी पत्नी के साथ किराए के मकान में रह रहा था। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से पति-पत्नी के बीच अनबन चल रही थी, जिसके कारण सिपाही पुलिस बैरक में रहने लगा था। जब सिपाही काफी समय तक घर नहीं लौटा, तो उसकी पत्नी उसे ढूंढते हुए वहां पहुंची। इसी दौरान सिपाही ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
अस्पताल में चल रहा है इलाज

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने आनन-फानन में मुकेश को हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच (PMCH) रेफर कर दिया है। फिलहाल सिपाही की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
अधिकारियों के बयानों में विरोधाभास
इस पूरे मामले में पुलिस के आला अधिकारियों के बयानों में अंतर देखने को मिल रहा है। एसडीपीओ गोपाल मंडल का कहना है कि ड्यूटी पर तैनात सिपाही की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। वहीं दूसरी ओर, एसपी विक्रम सिहाग ने बैरक में घटना होने की बात से इनकार करते हुए कहा है कि यह मामला किराए के मकान का है। फिलहाल पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है और जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
