न्यूज़
पटना में भीषण अगलगी: मारूफगंज मंडी की पूजा सामग्री दुकान में लगी आग, लाखों का नुकसान

24CITYLIVE/आदर्श सिंह /पटना सिटी: बिहार की राजधानी पटना के मालसलामी थाना क्षेत्र से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां के प्रसिद्ध व्यावसायिक केंद्र मारूफगंज मंडी में बुधवार की सुबह तड़के अचानक भीषण आग लग गई। आग स्थानीय व्यवसायी शैलेश कुमार के एक मकान में लगी, जहां सिंदूर और पूजा सामग्री की दुकान संचालित होती थी। सुबह करीब 3:30 बजे लगी इस भयावह आग के कारण पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल कायम हो गया।

दमकल की आधा दर्जन गाड़ियों ने पाया काबू

घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम सुबह 4:35 बजे मौके पर पहुंच गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि स्थिति पर काबू पाने के लिए दकमल की आधा दर्जन गाड़ियों को काम पर लगाना पड़ा। अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने तीन बड़ी और दो छोटी गाड़ियों की मदद से स्थानीय लोगों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग, 50% दुकान जलकर खाक

मौके पर मौजूद फायर ब्रिगेड के जवानों के अनुसार, प्राथमिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। इस हादसे में मकान के भीतर स्थित दुकान का करीब 50 फीसदी हिस्सा जलकर पूरी तरह खाक हो चुका है, जिससे व्यवसायी को भारी आर्थिक नुकसान का अनुमान है।

घटनास्थल पर कानून-व्यवस्था और राहत कार्य की निगरानी के लिए मालसलामी थाने की पुलिस भी दल-बल के साथ मौजूद रही। फिलहाल नुकसान का सटीक आकलन किया जा रहा है।

