न्यूज़

प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन की चार दिवसीय कार्यशाला संपन्न, बोर्ड परीक्षा में फेल छात्राओं की राह होगी आसान

24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना:बिहार बोर्ड की माध्यमिक परीक्षा में अनुत्तीर्ण रहीं छात्राओं को दोबारा सफल बनाने के लिए ‘प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन’ के राज्य कार्यालय में आयोजित चार दिवसीय विशेष गणित एवं विज्ञान कार्यशाला का सफलतापूर्वक समापन हो गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य छात्राओं के लिए बेहद सरल, गतिविधि आधारित और परीक्षा उन्मुख अध्ययन सामग्री तैयार करना है, ताकि वे बिना किसी मानसिक दबाव के बेहतर परिणाम हासिल कर सकें।
चार दिनों तक चली इस कार्यशाला में गणित और विज्ञान विषय के अनुभवी शिक्षकों और शिक्षाविदों ने छात्राओं की शैक्षणिक चुनौतियों पर गहन मंथन किया। विशेषज्ञों ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि अगर छात्राओं को रटवाने के बजाय व्यावहारिक गतिविधियों और सरल भाषा के माध्यम से समझाया जाए, तो वे कठिन अवधारणाओं को भी आसानी से समझ सकती हैं। इसके साथ ही नियमित अभ्यास और सही मार्गदर्शन के जरिए आगामी दसवीं बोर्ड परीक्षा में उनका डर दूर कर सफलता सुनिश्चित की जा सकती है।
कार्यशाला के दौरान छात्राओं का आत्मविश्वास मजबूत करने और परीक्षा हॉल में बेहतर समय प्रबंधन के लिए खास रणनीतियाँ तैयार की गईं। इसके तहत तैयार की गई नई अध्ययन सामग्री में मॉडल प्रश्नपत्रों, महत्वपूर्ण सवालों और सरल समाधानों को शामिल किया गया है ताकि छात्राएं परीक्षा की तैयारी आसानी से कर सकें। इस पहल को सफल बनाने में शिक्षा विभाग के पूर्व सलाहकार ए. के. पाण्डेय सहित राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय शास्त्री नगर और राजकीयकृत उच्च माध्यमिक विद्यालय चिरैयाटाड़ के अनुभवी शिक्षकों ने मुख्य भूमिका निभाई।
इस अवसर पर प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के क्षेत्रीय समन्वयक संजय कुमार, राज्य कार्यक्रम समन्वयक राजेश कुमार पाण्डेय और केंद्रीय ट्रेनिंग एसोसिएट अश्विनी जादव, सोनल नायक, स्नेहा रानी, आकाश कुमार एवं गौरव कुमार भी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने यह उम्मीद जताई कि यहाँ तैयार की गई अध्ययन सामग्री राज्य की सैकड़ों छात्राओं के शैक्षणिक स्तर में सुधार लाएगी और उन्हें परीक्षा में सफल बनाएगी।

Related Articles

Back to top button