BBOSE की प्रायोगिक परीक्षा शुरू: ‘रिमोट सेकंड चांस’ की जीविका दीदियों ने दिखाया उत्साह

24CITYLIVE/हाजीपुर (वैशाली)। बिहार विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड (BBOSE) द्वारा आयोजित दसवीं की प्रायोगिक (प्रैक्टिकल) परीक्षा का शुभारंभ हो चुका है, जो मंगलवार तक चलेगी। इस परीक्षा में प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा संचालित ‘रिमोट सेकंड चांस’ कार्यक्रम के तहत पढ़ाई कर रहीं वैशाली जिले की जीविका दीदियों ने बढ़-चढ़कर और बड़े ही उत्साह के साथ भाग लिया।
गृह विज्ञान परीक्षा से हुई शुरुआत
शनिवार को गृह विज्ञान (Home Science) विषय की प्रायोगिक परीक्षा आयोजित की गई। आगामी तिथियों के शेड्यूल के अनुसार:
- सोमवार: योग एवं फिजिकल एजुकेशन
- मंगलवार: चित्रकला (Drawing)
हाजीपुर में बनाया गया परीक्षा केंद्र
वैशाली जिले में BBOSE की इस परीक्षा के लिए हाजीपुर (दिघी) स्थित डॉ. राम बालक रॉय महाविद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। रिमोट इंस्ट्रक्टर मिशन कुमार ने बताया कि परीक्षा केंद्र के डिप्टी को-ऑर्डिनेटर प्रेम कुमार के सहयोग से परीक्षा शांतिपूर्ण और सकारात्मक माहौल में संपन्न हुई। परीक्षा दे रहीं जीविका दीदियों ने भी कॉलेज प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना की।
महिलाओं को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की पहल
आर्थिक या पारिवारिक कारणों से जो महिलाएं शिक्षा से वंचित रह गई थीं या जिनकी पढ़ाई बीच में छूट गई थी, उन्हें प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन ‘रिमोट सेकंड चांस’ कार्यक्रम के जरिए नि:शुल्क 10वीं की तैयारी करवा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और जीविका दीदियों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना और बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए सक्षम बनाना है।
