बिहार: अगलगी की घटनाओं पर लगेगा ब्रेक, फायर ब्रिगेड के बेड़े में शामिल हुईं 80 हाईटेक गाड़ियां

24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना: बिहार में गर्मी के मौसम में बढ़ने वाली अगलगी की घटनाओं पर काबू पाने और जान-माल के नुकसान को कम करने के लिए राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। सोमवार को राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अग्निशमन विभाग की 80 नई हाईटेक गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर उनके साथ डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी और ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव भी मौजूद रहे।

5 से 10 मिनट में पहुंचेगी मदद, बेड़े में 36 स्कॉर्पियो शामिल
गर्मी के दिनों में आग लगने की घटनाएं तेजी से बढ़ती हैं। ऐसे में दमकल गाड़ियों का समय पर पहुंचना सबसे बड़ी चुनौती होता है। इसी समस्या को दूर करने के लिए इन 80 नए वाहनों की खरीद की गई है। इस नए बेड़े में 36 स्कॉर्पियो गाड़ियां भी शामिल हैं, जो तंग रास्तों और संकरी गलियों में भी बेहद कम समय (5 से 10 मिनट) में फायर कर्मियों के साथ मौके पर पहुंच सकेंगी।
गांधी मैदान में दिखा फायरकर्मियों का हैरतअंगेज लाइव डेमो:
लोकार्पण के इस अवसर पर अग्निशमन विभाग के जवानों ने अपनी तकनीकी दक्षता, तत्परता और साहस का अद्भुत प्रदर्शन किया। गांधी मैदान में उपस्थित लोगों और मुख्य अतिथियों के सामने जवानों ने लाइव डेमो दिया, जिसे देखकर पूरा मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
जवानों और अधिकारियों ने विपरीत परिस्थितियों से निपटने के लिए कई हैरतअंगेज कारनामे दिखाए, जिनमें शामिल थे:

* फायर रिंग (तीव्र आग के गोलों) के बीच से छलांग लगाना।

* धधकती हुई आग के ऊपर से सुरक्षित गुजरना।

* ऊंची इमारतों में फंसे लोगों को आधुनिक उपकरणों और हाइड्रोलिक सीढ़ियों की मदद से सुरक्षित बाहर निकालना।
तकनीकी रूप से और मजबूत हुआ विभाग
इस सफल पूर्वाभ्यास और लाइव प्रदर्शन के जरिए अग्निशमन विभाग ने आम जनता और सरकार को यह भरोसा दिलाया है कि वे किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद हैं। नए और आधुनिक उपकरणों के शामिल होने से विभाग अब तकनीकी रूप से भी पहले से कहीं अधिक मजबूत हो गया है।
प्रमंडलीय समादेष्टा सह जिला अग्निशमन पदाधिकारी रितेश कुमार पांडेय ने बताया कि इस जन-उपयोगी पहल की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचनी चाहिए, ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में आम लोग बिना देर किए तुरंत अग्निशमन विभाग की मदद ले सकें।
