
24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना:
पटना सिटी के अगमकुआं थाना क्षेत्र अंतर्गत माँ शीतला माता मंदिर के पास स्थित पुल के नीचे पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस को दो युवकों द्वारा अवैध हथियार बेचने के प्रयास की सूचना मिली थी, लेकिन जब पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की, तो तलाशी के दौरान एक हैंड ग्रेनेड और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

मामले की जानकारी देते हुए एएसपी राज किशोर कुमार झा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर विशेष टीम का गठन कर यह कार्रवाई की गई थी। बरामद संदिग्ध वस्तु की जांच पुलिस लाइन से बुलाई गई बम निरोधक दस्ता (Bomb Disposal Squad) से कराई गई, जिसने पुष्टि की कि बरामद हैंड ग्रेनेड ‘जिंदा’ (Live) है। इसके बाद निष्क्रियीकरण (Defuse) के लिए बीडीडी (BDD) कंट्रोल रूम को सूचित किया गया है।

पुलिस ने इस सिलसिले में दो युवकों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है। एएसपी के अनुसार, युवकों की योजना क्या थी और वे यह विस्फोटक कहां से लाए थे, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल मामले की गहन पड़ताल जारी है।


