
24CITYLIVE: झारखंड सरकार रांची और 6 अन्य केंद्रों से एयर एंबुलेंस सेवा शुरू करने जा रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार (28 अप्रैल) को एयर एंबुलेंस सेवा की शुरुआत करेंगे। इस कदम से विभिन्न राज्यों में स्थित बड़े चिकित्सा केंद्रों को जोड़कर गंभीर रूप से बीमार लोगों के इलाज की सुविधा मिलेगी।
बुकिंग के दो घंटे के भीतर मिलेगी एयर एंबुलेंस
झारखंड की एयर एंबुलेंस सेवा रांची को देश के तमाम बड़े महानगरों को जोड़ेगी। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के स्टेट हैंगर में 24 घंटे एक चार्टर्ड विमान इसको लेकर उपलब्ध रहेगा। अधिकारियों के मुताबिक, बुकिंग के दो घंटे के भीतर एंबुलेंस तैयार हो जाएगी और यह आपातकालीन उपकरणों और डॉक्टरों से लैस होगी।
नागर विमानन, झारखंड सरकार के डायरेक्टर एसपी सिन्हा ने बताया कि झारखंड देश का पहला राज्य बनने जा रहा है जहां इस तरह की सेवा शुरू की जा रही है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन चाहते थे कि झारखंड के मरीजों को गोल्डन आवर में इलाज के लिए बड़े महानगरों में जाने का मौका मिले। उन्होंने कहा कि इस सेवा के शुरू होने से कई लोगों की जिंदगी समय रहते बचाई जा सकेगी।
रांची और 6 शहरों से मिलेगी एयर एंबुलेंस सेवा
झारखंड के नागर विमानन विभाग ने इस सेवा के लिए रेडबर्ड प्राइवेट लिमिटेड के साथ करार किया है ताकि बेहतर चिकित्सा के लिए दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, वाराणसी और कोलकाता जैसे शहरों पहुंचा जा सके। झारखंड में रांची के अलावा धनबाद, दुमका, देवघर, बोकारो, जमशेदपुर और गिरिडीह से भी एयर एंबुलेंस सेवा मिलेगी। कंफर्म करने पर 2 घंटे के भीतर एयर एंबुलेंस आपके लिए उड़ान भरने को तैयार रहेगा। इसके साथ ही एंबुलेंस को रीशेड्यूल करने की भी सुविधा है। मरीज को दूसरे राज्य ले जाते वक्त एयर एंबुलेंस में तमाम जरूरी उपकरणों के साथ डॉक्टर की भी सुविधा मिलेगी।
एयर एंबुलेंस का यह होगा किराया
किराए की बात की जाए तो एयर एंबुलेंस से मरीजों को रांची से दिल्ली ले जाने का किराया 5 लाख होगा। रांची से मुंबई जाने पर 7 लाख, रांची से चेन्नई के लिए आठ लाख, रांची से कोलकाता के लिए तीन लाख, रांची से हैदराबाद के लिए 7 लाख, रांची से वाराणसी के लिए 3 लाख 30 हजार, रांची से लखनऊ के लिए 5 लाख और तिरुपति के लिए आठ लाख लगेंगे। इसके अलावा देश के अन्य किसी हिस्से के लिए एयर एंबुलेंस की सुविधा लेने पर प्रति घंटा 1 लाख 10 हजार रुपए देने होंगे।
एयर एंबुलेंस की सेवा लेने के लिए एविएशन डिपार्टमेंट के टोल फ्री नंबर 8210594073 और 0651-4665515 पर संपर्क किया जा सकता है।