कंगन घाट पर चला स्वच्छता अभियान, विधायक रत्नेश कुशवाहा और बीइंग हेल्पर फाउंडेशन ने निकाला 1200 किलो कचरा

24CITYLIVE/ आदर्श सिंह/पटना, 7 जून 2026: पटना साहिब स्थित कंगन घाट पर रविवार को बीइंग हेल्पर फाउंडेशन द्वारा एक विशेष गंगा घाट स्वच्छता एवं पूजन सामग्री पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) अभियान चलाया गया। इस अभियान में पटना साहिब के विधायक श्री रत्नेश कुशवाहा, संस्था के सैकड़ों स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
1200 किलोग्राम कचरा एकत्रित कर रीसाइक्लिंग के लिए भेजा
अभियान के दौरान टीम ने गंगा तट से लगभग 1200 किलोग्राम पूजा अवशेष, पुराने कपड़े, प्लास्टिक और पॉलीथीन जैसी ठोस गंदगी को साफ किया। इस कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में बांटा गया। वर्षों से जमा पूजन सामग्री को सुरक्षित रूप से संग्रहित किया गया है ताकि वैज्ञानिक तरीके से इसका पुनर्चक्रण किया जा सके।
गंगा की स्वच्छता के लिए जनभागीदारी जरूरी: विधायक रत्नेश कुशवाहा
इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद स्थानीय विधायक श्री रत्नेश कुशवाहा ने कहा कि गंगा हमारी आस्था, संस्कृति और सभ्यता की पहचान है। इसे स्वच्छ रखने के लिए केवल सरकार नहीं, बल्कि जनभागीदारी की सबसे ज्यादा जरूरत है। बीइंग हेल्पर फाउंडेशन का यह प्रयास पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है।
कचरे को संसाधन में बदलना ही मुख्य उद्देश्य: शुभम कुमार
नमामि गंगे एवं बुडको के बिहार ब्रांड एंबेसडर और संस्था के संस्थापक शुभम कुमार ने कहा कि गंगा संरक्षण सिर्फ घाट की सफाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए। हमें पूजा सामग्री और अन्य कचरे का वैज्ञानिक प्रबंधन करना होगा। घाटों पर जमा कचरे को रीसाइकिल कर संसाधन में बदलना ही हमारा मुख्य उद्देश्य है।
अभियान के अंत में स्थानीय लोगों ने भी गंगा को प्रदूषणमुक्त रखने का संकल्प लिया। पूरा कार्यक्रम “स्वच्छ घाट – स्वच्छ गंगा – स्वच्छ भविष्य” के नारे के साथ संपन्न हुआ।


