24CITYLIVE/बिहार:-मुंगेर जिले में मादक पदार्थों और अवैध शराब के काले कारोबार के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों ने दो अलग-अलग मोर्चों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की डेढ़ किलोग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर को महिंद्रा थार गाड़ी समेत और 1094 पीस विदेशी शराब के साथ हरियाणा के एक तस्कर को लग्जरी कार के साथ धर दबोचा है।
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बांक गांव में किराना दुकान की आड़ में स्मैक सिंडिकेट के संचालन की गुप्त सूचना मिलने पर पटना नारकोटिक्स विभाग की विशेष टीम ने शनिवार शाम करीब 5:30 बजे अचानक दबिश दी।
छापेमारी के दौरान टीम ने भारी मात्रा में उच्च गुणवत्ता वाली स्मैक बरामद की, जिसकी बाजार कीमत दो करोड़ रुपये से अधिक है, और मौके से एक आरोपित को महिंद्रा थार गाड़ी के साथ हिरासत में ले लिया, हालांकि मुंगेर एसपी और मुफस्सिल थानाध्यक्ष ने इस कार्रवाई की कोई आधिकारिक सूचना होने से अनभिज्ञता जाहिर की है।
दूसरी कार्रवाई में उत्पाद थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार को मिली सूचना के आधार पर उत्पाद पुलिस ने ईस्ट कॉलोनी थाना क्षेत्र के गोल्फ मैदान के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध कार से 1094 पीस टेट्रा पैक अंग्रेजी शराब बरामद की और हरियाणा के सोनीपत जिले के मुड़थल निवासी चालक आशु कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार तस्कर आशु कुमार ने प्रारंभिक पूछताछ में स्वीकार किया कि शराब की यह पूरी खेप उत्तर प्रदेश से लोड कराई गई थी जिसे जमालपुर के रास्ते बेगूसराय जिले के चिन्हित ठिकानों पर डिलीवर किया जाना था, और उत्पाद पुलिस अब उसके मोबाइल कॉल डिटेल्स व व्हाट्सएप चैट्स को खंगालकर मुंगेर तथा बेगूसराय के मुख्य सरगनाओं का पता लगाने में जुटी है।
मुंगेर में दो करोड़ की डेढ़ किलो स्मैक और 1094 पीस विदेशी शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार



