खास ख़बरदेशधार्मिकपटनाप्रशासनिकबिहारबिहारराज्यहेडलाइंस

तख्त श्री पटना साहिब कमेटी जमीनों की सुरक्षा के लिए सक्रिय, समस्तीपुर में सरकारी नापाई का कार्य संपन्न


24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना:तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब प्रबंधक कमेटी अपनी संपत्तियों और जमीनों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह वचनबद्ध नजर आ रही है। कमेटी ने हाल ही में हुई एक बैठक में सर्वसम्मिति से यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है कि तख्त साहिब के अधीन आने वाली उन सभी जमीनों की सरकारी नापाई कराई जाएगी, जिन पर असामाजिक तत्वों द्वारा अवैध कब्जे की कोशिश की जा रही है या जो वर्तमान में अतिक्रमण की चपेट में हैं।

जमीनों को सुरक्षित करने के लिए नापाई के तुरंत बाद चारदीवारी निर्माण का कार्य भी सुनिश्चित किया जाएगा।
इस पूरे मिशन को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए अध्यक्ष जगजोत सिंह सोही और महासचिव इन्द्रजीत सिंह सहित पूरी कमेटी ने वरिष्ठ उपाध्यक्ष लखविन्दर सिंह की देखरेख में एक विशेष समिति का गठन किया है। इस समिति में उपाध्यक्ष गुरविंदर सिंह को सहयोगी सदस्य के रूप में शामिल किया गया है, जो भूमि से जुड़े तमाम कानूनी और तकनीकी मामलों की निगरानी कर रहे हैं।


इसी मुहिम के तहत वरिष्ठ उपाध्यक्ष लखविन्दर सिंह ने मैनेजर हरजीत सिंह और दलीप सिंह पटेल के साथ विभिन्न स्थलों का निरीक्षण शुरू कर दिया है। इसी क्रम में आज समस्तीपुर जिले के ताजपुर स्थित गुरुद्वारा साहिब से सटी जमीन की सरकारी नापाई का कार्य प्रशासनिक देखरेख में पूरा किया गया। इस मौके पर महासचिव इन्द्रजीत सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।


स. लखविन्दर सिंह और स. इन्द्रजीत सिंह ने संयुक्त रूप से जानकारी दी कि ताजपुर में नापाई का काम पूरा होने के बाद अब बहुत जल्द वहां चारदीवारी निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि इस पूरी प्रक्रिया में स्थानीय निवासियों और प्रशासन का भरपूर सहयोग मिल रहा है, जिससे जमीनों को सुरक्षित करने का अभियान गति पकड़ रहा है।


कमेटी के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में अन्य चिन्हित जमीनों पर भी इसी प्रकार नापाई करवाकर बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जाएगा, ताकि तख्त साहिब की संपत्तियों को पूरी तरह सुरक्षित रखा जा सके। इसके साथ ही तख्त पटना साहिब कमेटी ने बिहार सरकार और स्थानीय प्रशासन से औपचारिक अपील की है कि वे धार्मिक आस्था से जुड़ी इन जमीनों को भू-माफियाओं से बचाने और सुरक्षित करने में कमेटी का निरंतर सहयोग करें।

Related Articles

Back to top button