खास ख़बरताजा खबरेंदेशपटनाप्रशासनिकबिहारबिहारराज्यहेडलाइंस

पटना में एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित, कालाबाजारी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई


24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना के जिलाधिकारी ने जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति, वितरण और पीएनजी कनेक्शन की प्रगति की गहन समीक्षा की है। समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं की सुविधाओं का विशेष ख्याल रखा जाए और गैस की आपूर्ति पूरी तरह पारदर्शी और सुचारू बनी रहे।

उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी है कि यदि कहीं भी कालाबाजारी, होर्डिंग, ओवरप्राइसिंग या गैस के अवैध उपयोग की शिकायत मिलती है, तो दोषियों के विरुद्ध तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। साथ ही गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों को अधिक संवेदनशील और रिस्पॉन्सिव होकर कार्य करने को कहा गया है ताकि आम जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने प्रशासन को मिशन मोड में पीएनजी सुविधा उपलब्ध कराने और आवश्यक सेवाओं की निरंतरता बनाए रखने का टास्क दिया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अधिकारी सभी स्टेकहोल्डर्स, जिनमें तेल कंपनियां, गैस एजेंसियां और जनप्रतिनिधि शामिल हैं, उनके साथ निरंतर संवाद बनाए रखें और प्राप्त फीडबैक के आधार पर सुधार सुनिश्चित करें। नियंत्रण कक्ष में आने वाली शिकायतों का निपटारा त्वरित गति से करने के साथ-साथ सोशल मीडिया या पब्लिक डोमेन में फैलने वाली किसी भी प्रकार की अफवाह का तुरंत खंडन करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
जिले में गैस की उपलब्धता पर स्थिति स्पष्ट करते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में पटना में कुल 136 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं और उपभोक्ताओं की संख्या 16 लाख से अधिक है। आंकड़ों के अनुसार, आपूर्ति की स्थिति पूरी तरह सामान्य है और गैस कंपनियों के पास पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। प्रतिदिन औसतन 25 से 30 हजार सिलेंडरों का वितरण किया जा रहा है, जो कि बुकिंग की तुलना में अधिक है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे पैनिक बुकिंग न करें और न ही गैस एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ लगाएं। उपभोक्ताओं को घर बैठे ही रिफिल बुक करने की सलाह दी गई है क्योंकि तेल विपणन कंपनियां सीधे घर तक सिलेंडर पहुंचा रही हैं। किसी भी सहायता या शिकायत के लिए जिला प्रशासन ने 24×7 हेल्पलाइन नंबर 0612-2219810 भी जारी किया है।

Related Articles

Back to top button