देशपटनाप्रशासनिकबिहारराजनितिकराज्यहेडलाइंस

पटना में अतिक्रमण पर प्रशासन का कड़ा प्रहार: पांचवें दिन भी चला अभियान, वसूला गया 92 हजार से अधिक जुर्माना



24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना: जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. के निर्देश पर पटना शहर में मंगलवार को लगातार पांचवें दिन अतिक्रमण उन्मूलन का विशेष मल्टी-एजेंसी अभियान चलाया गया। अप्रैल माह के लिए जारी अग्रिम कैलेंडर के अनुसार, शहर के विभिन्न नगर निकायों और अंचलों में प्रशासनिक तंत्र ने सक्रियता दिखाते हुए अवैध कब्जे हटाए। इस अभियान के दौरान सुव्यवस्थित यातायात प्रबंधन को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि सड़कों पर दोबारा अतिक्रमण करने वालों और सरकारी कार्य में व्यवधान डालने वालों के विरुद्ध अनिवार्य रूप से प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। प्रशासन ने आदतन अतिक्रमणकारियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई के भी निर्देश दिए हैं।


मंगलवार को हुई कार्रवाई के दौरान पटना के विभिन्न अंचलों से कुल 92,100 रुपये का जुर्माना वसूला गया। नूतन राजधानी अंचल में डीटीओ ऑफिस से जगदेव पथ तक अभियान चलाकर अस्थायी झोपड़ियों और पोस्टरों को हटाया गया, जहाँ 12,100 रुपये का जुर्माना लगा। पाटलिपुत्र अंचल में बोरिंग रोड चौराहा और राजापुर सब्जी मंडी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए फल एवं फास्ट फूड की दुकानों को हटाया गया और 50,500 रुपये की वसूली की गई।

इसी तरह पटना सिटी, फुलवारीशरीफ, अजीमाबाद, कंकड़बाग, बांकीपुर, दानापुर और खगोल अंचलों में भी सघन अभियान चलाकर अवैध गुमटियां, ठेले और काउंटर जब्त किए गए। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित एसडीओ और एसडीपीओ को निर्देश दिया है कि वे अभियान का नियमित पर्यवेक्षण करें और फॉलो-अप टीम को सक्रिय रखें ताकि हटाए गए स्थानों पर पुनः अतिक्रमण न हो सके।


यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए प्रशासन ने शून्य सहिष्णुता (जीरो टॉलरेंस) की नीति अपनाई है। इस विशेष अभियान की निगरानी के लिए एक पांच सदस्यीय मॉनिटरिंग सेल का भी गठन किया गया है, जिसमें पुलिस अधीक्षक (यातायात), अपर जिला दण्डाधिकारी (नगर व्यवस्था) और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हैं। जिलाधिकारी ने वरीय पुलिस अधीक्षक से भी अनुरोध किया है कि थानाध्यक्षों के माध्यम से यह सुनिश्चित करें कि किसी भी स्थिति में दोबारा सड़कें जाम न हों। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि यह एंटी-इंक्रोचमेंट ड्राइव नियमित रूप से जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button