खास ख़बरदेशधार्मिकपटनाप्रशासनिकबिहारराज्यहेडलाइंस

पटना साहिब महोत्सव 2026: 14 और 15 अप्रैल को होगा भव्य आयोजन, जिलाधिकारी ने तैयारियों की दी रूपरेखा

24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना:पटना साहिब महोत्सव 2026 के सफल और भव्य आयोजन को लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में आयोजित इस बैठक में जिलाधिकारी के साथ तख्त पटना साहिब कमेटी के प्रधान जगजोत सिंह सोही, महासचिव इंद्रजीत सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष लखविन्द्र सिंह और उपाध्यक्ष गुरविंदर सिंह शामिल हुए। इस बैठक के दौरान महोत्सव की तारीखों के साथ-साथ कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा पर गंभीर चर्चा की गई और आयोजन समिति के प्रतिनिधियों से महत्वपूर्ण सुझाव भी लिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि पर्यटन के दृष्टिकोण से पटना साहिब का वैश्विक महत्व है, इसलिए इस महोत्सव को आकर्षक और उत्कृष्ट बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।


जिलाधिकारी ने घोषणा की कि इस वर्ष दो-दिवसीय पटना साहिब महोत्सव का आयोजन आगामी 14 और 15 अप्रैल को पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वाधान में किया जाएगा। आयोजन की गरिमा को देखते हुए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कलाकारों के साथ-साथ स्थानीय प्रतिभाओं को भी मंच प्रदान किया जाएगा। महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक विरासत, लोक नृत्य और लोक गायन की ऐसी प्रस्तुतियां होंगी जो बिहार की गौरवशाली ऐतिहासिक और धार्मिक पहचान को जीवंत कर देंगी। इसके माध्यम से आम जनता को राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों और सांस्कृतिक पहलुओं को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
महोत्सव के सफल संचालन के लिए जिलाधिकारी ने आठ विशेष कोषांगों को सक्रिय कर दिया है, जो कलाकार चयन से लेकर विधि-व्यवस्था और प्रचार-प्रसार तक की कमान संभालेंगे। उप विकास आयुक्त को वरीय नोडल पदाधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। डीएम ने सख्त निर्देश दिया है कि सभी कोषांग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी तैयारी पूरी करें। बैठक में बिजली, चिकित्सा, पेयजल और सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ सुदृढ़ सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए भी कड़े इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने अंत में आम लोगों से अपील की कि वे इस भव्य आयोजन में उत्साहपूर्वक शामिल होकर इसे सफल बनाएं।

Related Articles

Back to top button