न्यूज़

बिहार में EOU का बड़ा एक्शन: जमुई के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के 4 ठिकानों पर छापेमारी, अब तक 40 लाख कैश बरामद

24CITYLIVE/ब्यूरो/पटना / जमुई:बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने शनिवार सुबह एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। ग्रामीण कार्य प्रमंडल, झाझा (जमुई) में तैनात कार्यपालक अभियंता (Executive Engineer) गोपाल कुमार के चार अलग-अलग ठिकानों पर EOU की टीमों ने एक साथ छापेमारी की। शुरुआती तलाशी में अब तक लगभग 40 लाख रुपये नगद (कैश) और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए जा चुके हैं।

आय से 81.5% अधिक संपत्ति का मामला
EOU से मिली जानकारी के अनुसार, कार्यपालक अभियंता गोपाल कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के पुख्ता सबूत मिले थे। प्रथम दृष्टया यह सामने आया है कि उन्होंने अपनी ज्ञात आय के स्रोतों से 81.5 प्रतिशत अधिक संपत्ति बनाई है, जो कि 2.06 करोड़ रुपये से ज्यादा की अवैध संपत्ति का मामला है।
डीएसपी स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में छापेमारी
गुप्त सूचना और जांच के बाद आर्थिक अपराध इकाई थाना कांड संख्या-08/26 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (संशोधित 2018) की धारा 13(2) और 13(1)(बी) के तहत 15 फरवरी 2026 को प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई थी। इसके बाद शनिवार सुबह डीएसपी स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन कर तलाशी शुरू की गई।
इन 4 ठिकानों पर चल रही है तलाशी:
पटना: मजिस्ट्रेट कॉलोनी, ज्योतिपुरम स्थित ‘जगत विला अपार्टमेंट’ का फ्लैट।
पटना:कंकड़बाग के पूर्वी इंदिरा नगर (रोड नंबर-04) स्थित निजी मकान।
जमुई:केएम कॉलेज के समीप स्थित किराए का आवास।
झाझा (जमुई): कार्यपालक अभियंता का सरकारी कार्यालय।
EOU का बयान: आर्थिक अपराध इकाई के अधिकारियों के मुताबिक, सभी ठिकानों पर तलाशी की कार्रवाई अभी जारी है। छापेमारी पूरी तरह समाप्त होने के बाद बरामद नकदी, सोने-चांदी के जेवरात और जमीन-जायदाद के दस्तावेजों की पूरी और सटीक जानकारी आधिकारिक रूप से साझा की जाएगी।

Related Articles

Back to top button