सचिवालय कर्मियों के लिए राहत: पटना में शुरू हुई इलेक्ट्रिक और पिंक बस सेवा

24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना: बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने सचिवालय के कर्मचारियों के लिए विशेष इलेक्ट्रिक और पिंक बस सेवा की शुरुआत की है। इस नई पहल का मुख्य उद्देश्य शहर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करना, पेट्रोल-डीजल की खपत को कम करना और सरकारी कर्मचारियों को सुरक्षित और सुगम सफर की सुविधा देना है।
सोमवार को परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर मंत्री ने कहा कि रोजाना हजारों की संख्या में सचिवालय कर्मचारी अपनी प्राइवेट गाड़ियों से दफ्तर आते-जाते हैं, जिससे सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ता है और ईंधन भी ज्यादा खर्च होता है। इस विशेष सेवा के शुरू होने से कर्मचारियों को एक सुरक्षित, किफायती और सुविधाजनक विकल्प मिलेगा, जिससे निजी वाहनों पर उनकी निर्भरता कम होगी।
कुल 5 प्रमुख रूटों पर 25 बसें चलाई जा रही हैं, जिनमें 15 इलेक्ट्रिक बसें और 10 पिंक बसें शामिल हैं। परिवहन सचिव राज कुमार और परिवहन निगम के प्रशासक अतुल कुमार वर्मा ने बताया कि यह सेवा पूरी तरह सचिवालय आने-जाने वाले कर्मचारियों के समय को ध्यान में रखकर तैयार की गई है।
जानिए किन 5 रूटों पर और किस समय चलेंगी ये बसें
1. पटना जंक्शन (मल्टी मॉडल हब) से सचिवालय रूट:
यह बस पटना जंक्शन से खुलकर आर ब्लॉक, इनकम टैक्स, विद्युत भवन, पटना हाई कोर्ट और बिहार म्यूजियम होते हुए सचिवालय पहुंचेगी। पटना जंक्शन से यह बस सुबह 8:30 बजे, 8:40 बजे और 8:45 बजे खुलेगी।
2. दानापुर स्टेशन से सचिवालय (भाया सगुना मोड़) रूट:
यह सेवा दानापुर स्टेशन से शुरू होकर सगुना मोड़, आरपीएस मोड़, गोला रोड, जगदेव पथ, आशियाना नगर, आईजीआईएमएस, शेखपुरा मोड़ और चिड़ियाघर होते हुए सचिवालय तक जाएगी। दानापुर स्टेशन से इसके खुलने का समय सुबह 8:15 बजे, 8:25 बजे और 8:30 बजे तय किया गया है।
3. धनुकी मोड़ से सचिवालय (भाया कंकड़बाग कॉलोनी मोड़) रूट:
यह बस धनुकी मोड़ से खुलकर कुम्हरार, भूतनाथ रोड, एनएमसीएच, राजेंद्र नगर टर्मिनल, कंकड़बाग कॉलोनी मोड़, करबिगहिया स्टेशन और आर ब्लॉक होते हुए विकास भवन तक जाएगी। यहां से सुबह 8:20 बजे और 8:25 बजे बसें रवाना होंगी।
4. कुर्जी से सचिवालय (पिंक बस सेवा) रूट:
यह खास पिंक बस सेवा कुर्जी से खुलकर पी एंड एम मॉल, साईं मंदिर, पाटलिपुत्र कॉलोनी गोलंबर, ए.एन. कॉलेज, बोरिंग रोड चौराहा और हड़ताली मोड़ होते हुए सचिवालय पहुंचेगी। कुर्जी से यह बस सुबह 8:45 बजे मिलेगी और सुबह 9:11 बजे सचिवालय पहुंचेगी।
5. गांधी मैदान से सचिवालय रूट:
यह बस गांधी मैदान से रवाना होकर डाकबंगला चौराहा, इनकम टैक्स, हाई कोर्ट और बिहार म्यूजियम होते हुए विश्वेशरैया भवन तक जाएगी। गांधी मैदान से इसके खुलने का समय सुबह 8:45 बजे और सुबह 9:00 बजे है।
इस नई शुरुआत से सचिवालय कर्मियों का सफर अब न सिर्फ आसान होगा, बल्कि पटना की सड़कों पर ट्रैफिक जाम से भी बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।



