न्यूज़

पटना के एलन कोचिंग के छात्र की संदिग्ध मौत, क्लासरूम में पढ़ाई के दौरान हुआ बेहोश

24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना: पटना के कंकड़बाग थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है। ओल्ड बाईपास स्थित मशहूर एलन (Allen) कोचिंग संस्थान के 16 वर्षीय छात्र लक्ष्या भारद्वाज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतक छात्र मूल रूप से मधेपुरा का रहने वाला था और पटना के कंकड़बाग इलाके में ही एक किराए का मकान लेकर रहता था, जहां से वह कोचिंग की पढ़ाई कर रहा था।

क्लास में अचानक हुआ बेहोश

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज दिनांक 19 मई 2026 को लक्ष्या कोचिंग में क्लास कर रहा था। सुबह करीब 9:00 बजे कक्षा के दौरान ही अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। छात्र के अचानक बेहोश होने से क्लासरूम और कोचिंग परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

मेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

​घटना के तुरंत बाद कोचिंग के कर्मचारियों और संचालकों द्वारा छात्र को आनन-फानन में इलाज के लिए नजदीकी मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद छात्र को बचाया नहीं जा सका और इलाज के क्रम में ही सुबह करीब 11:00 बजे संदिग्ध स्थिति में उसकी मृत्यु हो गई।

परिजनों में कोहराम, FSL और पुलिस टीम मौके पर

​घटना की आधिकारिक सूचना मिलते ही कंकड़बाग थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने इस दुखद घटना की जानकारी मधेपुरा में रह रहे मृत छात्र के परिजनों को दे दी है, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया है।

​मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के साथ-साथ FSL (Forensic Science Laboratory) की टीम भी मौके पर पहुंच चुकी है। FSL की टीम कोचिंग के उस क्लासरूम और घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण कर रही है जहां छात्र बेहोश हुआ था, ताकि मौत की सही वजहों का पता लगाया जा सके।

पुलिस का बयान:

​स्थानीय पुलिस के मुताबिक, छात्र की मौत किन कारणों से हुई है, यह पूरी तरह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही साफ हो पाएगा। छात्र कंकड़बाग में ही रेंट पर रहकर पढ़ाई कर रहा था, उसके कमरे की भी जांच की जा सकती है। पुलिस हर पहलू से मामले की तफ्तीश कर रही है और आगे की अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button