पटना सिटी: मोबाइल में राइफल की तस्वीर रख जमा रहा था धौंस, पुलिस ने स्मैक, कैश और हथियार के साथ किया गिरफ्तार

24CITYLIVE/आदर्श सिंह/पटना:मोबाइल फोन में अवैध हथियार के साथ फोटो रखकर दूसरों पर धौंस जमाना एक शातिर युवक को भारी पड़ गया। पटना सिटी के नदी थाना क्षेत्र की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध राइफल, जिंदा कारतूस, भारी मात्रा में नकदी और स्मैक के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
गुप्त सूचना पर मजार के पास से हुई गिरफ्तारी
मामले की जानकारी देते हुए फतुहा डीएसपी अवधेश सिंह ने बताया कि पुलिस को इलाके में एक युवक द्वारा संदिग्ध गतिविधियों और धौंस जमाने की गुप्त सूचना मिली थी। इसी आधार पर नदी थाना पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन कर कच्ची दरगाह मजार के पास घेराबंदी की। पुलिस ने मौके से अमित कुमार नामक युवक को धर दबोचा। गिरफ्तार युवक नदी थाना क्षेत्र के जेठूली का रहने वाला है और उसके पिता का नाम शोक राय बताया जा रहा है। शुरुआती तलाशी में पुलिस ने उसके पास से 20 डिब्बी स्मैक बरामद की।
मोबाइल की गैलरी ने खोला राज, प्याज के ढेर से मिला हथियार
पुलिस के मुताबिक, जब गिरफ्तार अमित कुमार के मोबाइल फोन की जांच की गई, तो उसमें वह एक अवैध राइफल और कारतूस के साथ टशन दिखाता नजर आया। मोबाइल में हथियार की तस्वीर मिलते ही पुलिस एक्शन में आ गई और तुरंत आरोपी के जेठूली स्थित घर पर छापेमारी की।
घर की तलाशी के दौरान पुलिस भी हैरान रह गई। आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए राइफल को प्याज के भंडारण स्थल (प्याज के ढेर) के नीचे छिपाकर रखा था। पुलिस ने वहां से:
01 अवैध राइफल
02 जिंदा कारतूस
04 लाख 28 हजार रुपये नकद (कैश) बरामद किए।
विशेष टीम ने की कार्रवाई, पुलिस की सख्त चेतावनी
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली विशेष टीम में नदी थानाध्यक्ष सद्दाम हुसैन, दरोगा विवेक कुमार, संतानु कुमार, शंभु पासवान सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी अमित कुमार के पुराने आपराधिक इतिहास और बैकग्राउंड को खंगाल रही है कि वह स्मैक और हथियारों की तस्करी में किन-किन लोगों के संपर्क में था।
पुलिस की अपील:
फतुहा डीएसपी ने आम लोगों और युवाओं को सख्त चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया, व्हाट्सएप या मोबाइल फोन में अवैध हथियारों के साथ प्रदर्शन करना या फोटो रखना एक गंभीर और गैर-जमानती अपराध है। ऐसा करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
